पीएम मोदी बोले, नागरिकता कानून पर हिंसक प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद
(DELHI, DELHI) नागरिकता कानून को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम पर हिंसक विरोध दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है। पीएम ने कहा है कि चर्चा और बहस लोकतंत्र का हिस्सा है। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना सही नहीं है।

पीएम मोदी ने आगे कहा है कि समय की यही मांग है कि हम सब देश के विकास और हर भारतीय को सशक्त करने के लिए साथ मिलकर काम करें। हम किसी स्वार्थी समूह को खुद को बांटने नहीं दे सकते। संशोधित नागरिकता कानून स्वीकार्यता, सौहार्द, करुणा एवं भाईचारे की भारत की सदियों पुरानी संस्कृति की व्याख्या करता है।

पीएम मोदी ने एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए कहा है कि मैं अपने साथी भारतीयों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि सीएए किसी भी धर्म के भारत के नागरिक को प्रभावित नहीं करता है। किसी भारतीय को इस अधिनियम के बारे में चिंता करने की कोई बात नहीं है। यह अधिनियम केवल उन लोगों के लिए है जिन्होंने वर्षों से उत्पीड़न का सामना किया है और भारत को छोड़कर उनके पास जाने के लिए कोई अन्य जगह नहीं है। यह शांति, एकता और भाईचारा बनाए रखने का समय है। सभी से अपील है कि किसी भी तरह की अफवाह और झूठ से दूर रहें।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।