राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट में बीजेपी का कोई भी सदस्य शामिल नहीं होगा- अमित शाह
(DELHI, DELHI) अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की देखरेख करने वाले ट्रस्ट में भारतीय जनता पार्टी का एक भी नेता सदस्य नहीं होगा। मंगलवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह ने साफ कर दिया कि राम मंदिर निर्माण की देखरेख करने वाले ट्रस्ट में कोई भी बीजेपी का शामिल नहीं होगा। साथ ही उन्होंने उन अटकलों और मीडिया रिपोर्ट्स को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा जा रहा था कि खुद वह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उस ट्रस्ट का हिस्सा होंगे। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने ट्रस्ट का गठन कर मंदिर निर्माण करने का आदेश दिया था।

एक टीवी इंटरव्यू में अमित शाह ने कहा कि मैं दो बातें स्पष्ट कर देना चाहता हूं, कोई भी ट्रस्टी बीजेपी का सदस्य नहीं होगा और सरकार राम मंदिर निर्माण पर कुछ भी खर्च नहीं करेगी। ट्रस्ट को ही समाज से दान लेकर मंदिर का निर्माण करना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि मंदिर के निर्माण से जुड़े लोग ही इस परियोजना के पूरे होने का समय निर्धारित करेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने हमें सारी प्रक्रिया तीन महीने के भीतर करने का आदेश दिया है और मेरा मानना है कि हम ऐसा करने में सक्षम हैं। अमित शाह के अनुसार राममंदिर के निर्माण की सारी प्रक्रिया अगले तीन महीने के भीतर पूरी कर ली जाएगी।

विश्व हिन्दू परिषद की योजना है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए क्राउड फंडिंग के जरिए 100 करोड़ रुपये जुटाए जाएं। यह जानकारी संगठन के एक सीनियर अधिकारी ने दी है।
इससे पहले सोमवार को झारखंड में एक रैली के दौरान अमित शाह ने कहा था कि अयोध्या में आसमान छूता राम मंदिर का निर्माण अगले चार महीने में हो जाएगा।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।