देश में नागरिकता कानून विरोध जारी, कर्नाटक, यूपी, बिहार, गुजरात में हिंसक प्रदर्शन
(India) नागरिकता कानून के खिलाफ देशभर में कोहराम मचा हुआ है। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल समेत देशभर में इस कानून का भारी विरोध हो रहा है। कर्नाटक के मंगलुरू में हिंसक प्रदर्शन के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। इलाज के दौरान दोनों प्रदर्शनकारियों ने दम तोड़ा है। पुलिस ने मौत की पुष्टि की है। मंगलुरु पुलिस कमिश्नर हर्षा ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस स्टेशन पर पथराव किया और आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने हवाई फायर की। जिसमें 2 प्रदर्शनकारी जख्मी हो गए।

उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में धारा-144 लागू होने के बावजूद नागरिकता कानून के विरोध में गुरुवार को कई जिलों में प्रदर्शन हिंसक हो उठा। लखनऊ में प्रदर्शनकारियों ने मदेयगंज और सतखंडा चौकी में आगजनी कर दी। प्रदर्शनकारियों ने यहां गाड़ियां फूंक दीं। परिवर्तन चौक के पास एक बस में भी आग लगा दी। संभल जिले में प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज की बस जला दी और वाहनों पर पथराव किया। लखनऊ और संभल में पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज करके उपद्रवियों को खदेड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ और संभल में हुई हिंसा की गृह विभाग से जानकारी ली। उन्होंने आपातकालीन बैठक बुलाई है।

नागरिकता कानून पर देशभर में प्रदर्शन को देखते हुए शुक्रवार को भी देश के कई हिस्सों में इंटरनेट बंद रहेगा। हालांकि, कुछ जगहों में इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। नए नागरिकता कानून को भारतीय संसद में पास हुए करीब हफ्ता भर से ज्यादा हुआ है। गुरुवार को 24 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के 56 शहरों में नागरिकता कानून और प्रस्तावित एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन को देखते हुए मोबाइल सर्विस, कॉलिंग, इंटरनेट सेवाओं को रोक लगा दी गई थी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।