मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 5:30 बजे दिल्ली में पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा सोमवार को एक्यूआई लेवल दिल्ली में सुबह 6:40 पर 449 दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक जनवरी से तीन जनवरी तक रात में हल्की बारिश की संभावना है और दो जनवरी को ओले भी पड़ सकते हैं। एक सरकारी बयान के अनुसार हरियाणा में कुछ स्थानों पर तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास है और राज्य सरकार ने 30 तथा 31 दिसंबर को स्कूल बंद रखने का फैसला किया है।
इसमें कहा गया 'इसके बाद एक जनवरी से 15 जनवरी के बीच राज्य के सभी स्कूल सर्दियों की छुट्टियों के चलते बंद रहेंगे।' मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा और पंजाब में अगले कुछ दिन ठंड का प्रकोप बना रह सकता है।
वहीं श्रीनगर में तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। मशहूर डल झील के कई हिस्से बर्फ में तब्दील हो गए और रात में श्रीनगर का तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर घाटी और लद्दाख केंद्र शासित क्षेत्र में तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे क्षेत्र में शीतलहर तेज हो गई है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।