दिल्ली चुनाव : दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान सुबह 8 बजे से जारी, सीएम केजरीवाल ने परिवार समेत डाला वोट
(India) दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान सुबह 8 बजे से जारी है। वोटिंग के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। इस चुनाव में कुल 672 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव के नतीजे 11 फरवरी को आएंगे। हर विधानसभा क्षेत्र से मतदाताओं में वोटिंग को लेकर खासा जोश देखने को मिल रहा है। लेकिन इन सबके बीच हर किसी की नजर उस सीट पर टिकी है जो इस पूरे चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में रही। जी हां शाहीन बाग। ये वही इलाका है जहां पिछले दो महीने से नागरिकता संशोधन कानून के विरोध को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन हुआ। लोगों ने बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर अपनी-अपनी आवाज बुलंद की। खास बात यह है कि मतदान के दिन भी यहां के लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कतार लगाकर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का इंतजार करते दिखे।
वही दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने माता-पिता से आशीर्वाद लेने के बाद वोट देने के लिए घर से निकले। जिसके बाद सिविल लाइन्स में मतदान केंद्र पर उन्होंने पूरे परिवार के साथ वोट डाला। इस दौरान केजरीवाल ने लोगों से वोट डालने की अपील की। केजरीवाल ने खासकर महिलाओं से बोट डालने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि उन्हें हनुमान जी का आशीर्वाद है। जीत पक्की मिलेगी। बता दें कि सीएम केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट से मैदान में हैं। उनके खिलाफ बीजेपी के सुनील यादव और कांग्रेस के रोमेश सब्बरवाल चुनाव लड़ रहे हैं। आपको बता दें कि दिल्ली की सभी 70 सीटों पर मतदान जारी है। दिल्ली में शाम 6 बजे तक 13,750 केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। 70 सीटों के लिए 672 प्रत्याशी मैदान में हैं। दिल्ली में करीब 1.47 करोड़ मतदाता, इनमें करीब 66 लाख महिलाएं हैं। पिछला विधानसभा चुनाव 2015 में हुआ था। आम आदमी पार्टी ( AAP ) ने 70 में से 67 सीटें जीती थीं। बीजेपी ने तीन सीटें जीती थीं। 15 साल दिल्ली की सत्ता पर काबिज रहने वाली कांग्रेस का खाता तक नहीं खुल सका था।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।