जम्मू-कश्मीर: शाह फैसल के खिलाफ अब बड़ी कार्रवाई,  पीएसए के तहत केस दर्ज
(India) जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर सियासी माहौला गरमाया हुआ है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला और पीडीपी मुखिया महबूबा मुफ्ती के बाद अब शाह फैसल के खिलाफ PSA के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अचानक शाह फैसल पर पब्लिक सिक्योरिटी एक्ट लगाया है। IAS की नौकरी छोड़कर राजनीति में आए शाह फैसल फिलहाल जम्मू एंड कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट के अध्यक्ष हैं। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के बाद शाह फैसल को पिछले साल 14 अगस्त को सीआरपीसी की धारा 107 के तहत हिरासत में लिया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें कस्टडी में लेकर एमएलए हॉस्टल में रखा गया था। जानकारी के मुताबिक, अभी ये तय नहीं है कि शाह फैसल को उनके घर में शिफ्ट किया जाएगा या एमएलए हॉस्टल में ही रखा जाएगा। लेकिन, पीएसए लगने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई है। पीएसए के तहत भड़काऊ बयान देने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बिना ट्रायल के 3 माह हिरासत में रखा जा सकता है।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने के बाद प्रशासन ने हाल ही में राज्य के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती, अली मोहम्मद सागर, सरताज मदनी, हिलाल लोन और नईम अख्तर पर भी पब्लिक सिक्योरिटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। ये सभी हिरासत में हैं। हालांकि, इन सबको सशर्त रिहाई करने की बात उठी थी। लेकिन, इन्होंने इनकार कर दिया है। अब देखना यह है कि इस मामले में आगे किस तरह की कार्रवाई होती है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।