कोरोना वायरस से चीन में अब तक 1870 लोगों की मौत, जापान में शिप पर फंसे 2 और भारतीय पाए गए संक्रमित
(India)
दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। चीन में अब तक कोरोना वायरस के कारण 1870 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। दुनिया के कई अन्य देशों में भी इस वायरस ने लोगों को मौत के मुंह में धकेल दिया है। भारत के केरल में भी कई लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं। इस जानलेवा बीमारी को देखते हुए लोग काफी एहतियात बरत रहे हैं। एयरपोर्ट पर भी बाहर से आने वाले लोगों की स्कैनिंग की जा रही है।
जापान के योकोहामा पोर्ट पर रोके गए ‘डायमंड प्रिंसेज’ शिप पर दो और भारतीयों में कोरोनावायरस का संक्रमण पाया गया है। जापान में स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को कहा कि इससे पहले चार भारतीयों में संक्रमण पाया गया था। उनकी स्थिति में अब सुधार हो रहा है। जहाज पर कुल 454 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। दोनों भारतीय क्रू मेंबर्स के सदस्यों समेत सभी को इलाज के लिए ऑब्जर्वेशन सेंटर भेजा गया है। चीन में अब तक 1870 लोगों की मौत हुई है और 72 हजार 436 मामले सामने आ चुके हैं।

चीन में कोरोना वायरस से संक्रमित 2,048 नए कन्फर्म मामले सामने आए हैं। रविवार को 31 प्रांतीय स्तर के क्षेत्रों और शिंजियांग प्रोडक्शन एंड कॉर्प्स में 105 मौतें हुईं। चीनी स्वास्थ्य प्राधिकरण ने सोमवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि हुबेई प्रांत में 100, हेनान में तीन और गुआंगदोंग में दो की मौत हुई है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।