शाहीन बाग: प्रदर्शनकारियों से मिले मध्यस्थ- प्रदर्शन करना आपका अधिकार, लेकिन दूसरों का हक प्रभावित ना हो
(India)
दिल्ली के शाहीन बाग में केंद्र सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत के प्रयास जारी हैं। सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त वार्ताकार वरिष्ठ वकील संजय हेगड़े और साधना रामचंद्रन शाहीन बाग पहुंचे हैं। दोनों वार्ताकारों ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। इस दौरान संजय हेगड़े और साधना रामचंद्रन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पढ़कर सुनाया। वरिष्ठ वकील संजय हेगड़े ने कहा कि हमें कोई जल्दीबाजी नहीं है, पहले सबकी बात सुनेंगे। वहीं दूसरी वार्ताकार साधना रामचंद्रन ने कहा कि प्रदर्शन करना आम लोगों का अधिकार है। लेकिन हक वहीं तक है जहां तक दूसरों का हक प्रभावित ना हो। रामचंद्रन ने बताया कि नागरिकता कानून पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त मध्यस्थ बुधवार दोपहर शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करने पहुंचे। वार्ताकार एडवोकेट संजय हेगड़े और एडवोकेट साधना रामचंद्रन ने सुप्रीम कोर्ट का आदेश पढ़कर सुनाया। साधना रामचंद्रन ने कहा कि जिस तरह से प्रदर्शन करना आपका हक है, उसी तरह से दूसरों का भी अधिकार है कि वे सड़कों पर चल सकें और अपनी दुकानें खोल सकें। मध्यस्थों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत से पहले मीडिया से हटने की अपील की। प्रदर्शन के चलते करीब दो महीने से बंद पड़े रास्ते को खाली करवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने के लिए मध्यस्थों की नियुक्ति की थी।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।