Corona virus के कारण PM मोदी होली मिलन समारोहों में नहीं होंगे शामिल
(India) भारत में बढ़ते कोरोना वायरस के प्रभाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने होली मिलन समारोहों में हिस्सा न लेने का फैसला किया है। उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। माना जा रहा है कि पार्टी के दो शीर्ष नेताओं के इस ऐलान के बाद अब भाजपा के अन्य प्रमुख नेता भी होली मिलन समारोहों से दूरी रखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ट्वीट किया, "कोरोनावायरस से बचने के लिए दुनिया भर के विशेषज्ञों की सलाह है कि भीड़ जुटाने से बचना चाहिए। ऐसे में मैंने किसी भी होली मिलन समारोह में भाग नहीं लेने का फैसला किया है।"
देश में तेजी से बढ़ते कोरोना के खतरे को देखते हुए लोग सतर्क हो गए है। वहीं इटली से भारत घूमने आए 26 लोगों के ग्रुप में से 16 में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। इन्हें घुमाने वाला ड्राइवर भी वायरस से संक्रमित है। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि ग्रुप के सभी लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है। भास्कर की पड़ताल में पता चला कि इटली के 26 पर्यटकों का दल राजस्थान के 6 जिलों में 8 दिन तक घूमा। इस दौरान ये लोग 6 होटलों में ठहरे। इन सभी होटलों के कमरे सील कर दिए गए हैं। होटल प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि इन होटलों में किसी अन्य व्यक्ति को कमरे न दिए जाएं। इन पर्यटकों के संपर्क में आए होटल के स्टाफ व अन्य लोगों को 28 दिन तक सर्विलांस में रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।