ICMR महानिदेशक ने जारी की चेतावनी, कोरोना को कंट्रोल करने के लिए भारत के पास 30 दिन
(India) भारत में कोरोना वायरस के 85 मामले सामने आ चुके हैं। जिसके बाद देश में कोरोना का खतरा दूसरे चरण में पहुंच चुका है। अगर इस पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया तो ये खतरा तीसरी स्टेज पर भी पहुंच सकता है। संक्रमण के आगे ना फैलने या इसे कम से कम करने के लिए सरकार के पास एक महीने का ही समय बचा है। वहीं, कोरोना को लेकर भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ( ICMR ) के महानिदेशक बलराम भार्गव ने चेतावनी दी है।भार्गव की चेतावनी के मुताबिक, 'कोरोना को तीसरे चरण पर जाने से रोकने के लिए सरकार के पास सिर्फ 30 दिन का वक्त है। इस समय सीमा के अंदर ही सरकार कोविड- 19 का संक्रमण सामुदायिक स्तर पर फैलने से रोक सकती है। इसके लिए केंद्र सरकार को तत्परता दिखानी होगी।' फिलहाल भारत ने कोरोना के संक्रमण को स्थानीय स्तर तक फैलने से रोकने में बखूबी सफलता हासिल की है। यहीं वजह है कि कोविड- 19 (COVID-19 ) का संक्रमण व्यक्तिगत स्तर पर ही सीमित है। देश के किसी भी इलाके में पूरा का पूरा समुदाय इससे पीड़ित नहीं है। लेकिन देश के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती है इसे आगे फैलने से रोकना और उस पर विराम लगाना ।
अब तक 13 राज्यों में संक्रमण फैल चुका है। राज्य सरकारों की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक संक्रमण के 91 मामले सामने आए हैं, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 84 मामलों की ही पुष्टि की है। उधर, केंद्र सरकार ने 3 अप्रैल को राष्ट्रपति भवन में होने वाले पद्म पुरस्कार समारोह को स्थगित कर दिया है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।