(India)
कोरोनावायरस का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है। देशभर में अब तक वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 133 तक पहुंच गई है जबकि इस जानलेवा वायरस से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। यही वजह है कि केंद्र से लेकर राज्य सरकार हर मुमकिन कदम उठा रही है। इस बीच महाराष्ट्र से बड़ी खबर सामने आई है। महाराष्ट्र की उद्धव सरकार ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सात दिन के लिए सरकारी दफ्तर बंद रखने का फैसला लिया है। सरकार की कैबिनेट मीटिंग में ये फैसला लिया गया। वहीं उद्धव सरकार मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन समेत तमाम स्थानीय रेल सेवाओं को कुछ दिनों के लिए निलंबित करने पर विचार कर रही है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्यमंत्री राजेश टोपे ने कहा कि उद्धव सरकार लगातार कोरोनावायरस से प्रदेशवासियों को बचाव के लिए जरूरी कदम उठा रही है। इसी कड़ी में स्थानीय रेल परिवहन को निलंबित करने का फैसला लिया जा सकता है। यही नहीं टोपे ने कहा कि सरकार सोशल डिस्टेंसिंग को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है ताकि कोविड-19 के खतरे से निपटा जा सके। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक उपनगरीय ट्रेनों के अलावा, इस फैसले में मुंबई मेट्रो रेल, मोनोरेल और परिवहन के अन्य सार्वजनिक मोड भी शामिल किए जा सकते हैं ।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि इस समय कोरोनावायरस को कंट्रोल करने के लिए इंटिग्रेडेट डिजिज सर्विस सिस्टम से 54 हजार लोगों पर सर्विलांस रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में डॉक्टर्स, पैरामेडिकल और एयर लाइन से जुड़े कर्मचारियों समेत दूसरे स्टाफ कोरोनावायरस के प्रकोप के बावजूद दूसरे देशों से लोगों को ला रहे हैं। डॉक्टर और पैरामेडिकल्स रिस्क लेकर अपना काम कर रहे हैं। उधर, मुंबई से पुणे और नागपुर जाने वाली 22 ट्रेनों को 31 मार्च तक रद्द कर दिया गया है। मध्य रेलवे ने कहा कि यह फैसला यात्रियों की संख्या कम होने के कारण लिया गया है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।