पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों से की चर्चा, कहा- अपनी आस्था और पंथ को बचाने के लिए भी पहले कोरोना को हराना होगा
(DELHI, DELHI) देश में कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दूसरी बार सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा- कोरोना को हराने के लिए सभी मत और विचारधारा के लोगों का एकजुट होना जरूरी है। अपनी आस्था और पंथ को बचाने के लिए भी पहले कोरोना को हराना होगा, सभी धर्मगुरुओं को यह समझाएं। राज्य स्तर पर समाज के लोग, धर्मगुरू बैठक करें और लोगों को इस लड़ाई में भागीदार बनने के लिए समझाएं। राज्य, जिला, शहर, ब्लॉक और थाना स्तर पर धर्मगुरुओं की यह बैठक तत्काल होनी चाहिए। मोदी ने कहा- कोरोनावायरस के खिलाफ युद्ध अभी शुरु ही हुआ है। कोरोनावायरस ने हमारी आस्था, विश्वास, विचारधारा पर भी हमला बोला है। इसलिए हमें अपनी आस्था, पंथ, विचारधारा को बचाने के लिए कोरोनावायरस को परास्त करना पड़ेगा। आज आवश्यकता है कि सभी विचारधारा, समुदाय के लोग एकजुट होकर कोरोना को पराजित करें।
वहीं, निजामुद्दीन में मरकज वाली घटना ने सबको हैरत में डाल दिया है। क्योंकि, इस कार्यक्रम में शामिल हुए कई लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए है और इस कार्यक्रम में शामिल कई लोगों की तलाश जारी है। वहीं, अब इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने को लेकर अब राज्य और केन्द्र सरकार सख्त रुख अपना रही है। बता दें कि इससे पहले क्राइम ब्रांच और दिल्ली सरकार ने एक संयुक्त ऑपरेशन चला कर 275 तबलीगी जमात के विदेशी लोगों की पहचान की थी और सभी को ढूंढ कर क्वारंटाइन किया गया था। ये लोग 172 इंडोनेशियाई, 36 किर्गिस्तान और 21 बांग्लादेश के नागरिक हैं। इससे पहले बुधवार को स्पेशल सेल ने 200 विदेशियों के संबंध में दिल्ली सरकार को रिपोर्ट भी दी थी, वे सभी मरकज में शामिल हुए थे। अब क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 275 लोगों की पहचान कर उन्हें आइसोलेट किया है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।