(India)
देश में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मरीजों का आंकड़ा कुल संक्रमितों की संख्या 2 हजार 579 हो गई है। जिसमें से 191 लोग ठीक हुए हैं और 72 लोगों की मौत हुई है। इसी बीच पीएम मोदी ने 16 दिन में तीसरा संदेश देशवासियों को दिया है। जिसमे पीएम ने कहा- 5 अप्रैल, रविवार को सबको मिलकर कोरोना के संकट के अंधकार को चुनौती देनी है। उसे प्रकाश की ताकत का परिचय कराना है। 130 करोड़ लोगों के महासंकल्प को नई ऊंचाई पर ले जाना है। रात को 9 बजे घर की सभी लाइटें बंद करके, दरवाजे या बालकनी में खड़े रहकर 9 मिनट के लिए मोमबत्ती, दीया, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैश लाइट जलानी है। हर तरफ से हर कोई एक एक दिया जलाएगा, उस उजाले में हम अपने मन में यह संकल्प करें कि हम अकेले नहीं हैं। कोई भी अकेला नहीं है। 130 करोड़ देशवासी एक ही संकल्प के साथ कृतसंकल्प हैं। वीडियो संदेश में पीएम ने कहा कि- प्रशासन ने मिलकर स्थिति को अच्छे ढंग से संभालने का संपूर्ण प्रयास किया था। 22 मार्च को देशवासियों ने बालकनी में खड़े होकर जैसे हर किसी का धन्यवाद किया, वो दूसरे देशों के लिए मिसाल बन गया है। देशवासी इसे दोहरा भी रहे हैं। कई देशवासी इसे दोहरा रहे हैं। इससे यह विश्वास हुआ है कि देश मिलकर कोरोना के खिलाफ लड़ सकता है।
देशभर में 2 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। कोरोना को लेकर मोदी लगातार सभी राज्यों के संपर्क में हैं। गुरुवार को उन्होंने मुख्यमंत्रियों के साथ दूसरी बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना के खिलाफ जागरूकता अभियान में धर्मगुरुओं की मदद ली जाए।मोदी इस महामारी के खतरे के बीच 3 बार राष्ट्र के नाम संबोधन दे चुके हैं। 19 मार्च को पहली बार देश के नाम संबोधन में उन्होंने 22 मार्च को जनता कर्फ्यू लगाने और कोरोना फाइटर्स के सम्मान में ताली-थाली बजाने को कहा था। 24 मार्च के दूसरे संबोधन में 21 दिन के लॉकडाउन की बात कही थी। यह लॉकडाउन 14 अप्रैल को खत्म होगा। कोरोनावायरस के संक्रमण की चपेट में आने से देश में अब तक 60 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।