कोरोना पर बड़े एक्शन की तैयारी में प्रधानमंत्री मोदी, सोनिया और मनमोहन से की फोन पर बात
(India) भारत में कोरोना पीड़ित लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक अब तक 3374 लोग इस बीमारी से संक्रमित बताए गए हैं। इनमें 3034 लोग अभी भी इस बीमारी से संक्रमित है जबकि 266 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। इस आंकड़े के मुताबिक देशभर में 77 लोगों की मौत हुई है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपतियों प्रणब मुखर्जी और प्रतिभा पाटिल, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा के अलावा सोनिया गांधी, मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, नवीन पटनायक, के चंद्रशेखर राव, एमके स्टालिन और प्रकाश सिंह बादल से फोन पर चर्चा की। मोदी ने आज रात 9 बजे 9 मिनट तक कोरोना से लड़ाई के लिए लाइटें बंद कर मोमबत्ती, दीए, मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाने की अपील जनता से की है।जानकारी के अनुसार इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति व विपक्षी नेताओं से कोरोना वायरस से निपटने को लेकर उठाए कदमों पर चर्चा की।इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने इस मसले पर नेताओं की राय भी जानी। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओर से कोरोना से बचाव के लिए देश में लगाए गए 21 दिनों के लॉकडाउन का कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने विरोध किया था।कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर बिना होमवर्क किए देश को लॉकडाउन में धकेल देने का आरोप लगाया था। हालांकि प्रधानमंत्री ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कोरोना से बचाव के लिए लॉकडाउन को अति महत्वपूर्ण बताया था। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी पार्टियों को भी साथ लेकर चलने की बात कही थी।

तबलीगी जमात पर टिप्पणी करना युवक को पड़ा भारी, गोली मारकर कर दी गई हत्या
कोरोना के खतरे से निपटने के बीच प्रशासन को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा रहा है। अब उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में रविवार सुबह लॉकडाउन के दौरान तबलीगी जमातियों पर टिप्पणी करने पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वह लॉकडाउन के दौरान किसी जरूरी काम से निकला था। इसी दौरान चाय की दुकान पर वह लोगों के साथ चर्चा करने लगा। इस बीच उनकी बात से नाराज होकर दूसरे युवक ने गोली मार दी। मुख्यमंत्री योगी ने लॉकडाउन में चाय की दुकान खुलने को अधिकारियों की लापरवाही मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने बताया है कि यह घटना करेली थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान मोड़ा गांव निवासी लोटन निषाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और गांव में शांति बनाए रखने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।