स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 3666 पहुंच चुका है, जबकि 130 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 291 लोग अब तक ठीक भी हो चुके हैं। लेकिन, पिछले कुछ दिनों में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा काफी तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि तबलीगी जमात के कारण अचानक आंकड़े बढ़े हैं। वहीं, राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा सबसे ज्यादा है। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 609 पहुंच चुका है, जबकि 45 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 503 लोग कोरोना वायरस के शिकार हो चुके हैं, जबकि सात लोगों की मौत हुई है। वहीं, तमिलनाडु में 571 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 5 लोग इस खतरनाक वायरस से मर चुके हैं।
एक शख्स ने दिया 30k करोड़ में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को बेचने का ऑनलाइन विज्ञापन, FIR दर्ज-
गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की बिक्री के लिए एक ऑनलाइन विज्ञापन का मामला प्रकाश में आने के बाद केवाडिया पुलिस स्टेशन ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज है। ऑनलाइन विज्ञापन में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की कीमत 30 हजार करोड़ रुपए बताई गई है। प्रतिमा को बेचने के पीछे कोरोना वायरस संकट से निपटने पर आने वाले खर्च के लिए जरूरी धन की आवश्यकता बताया गया है। जानकारी के मुताबिक केस दर्ज होने के बाद विज्ञापन हटा दिया गया है। ऑनलाइन विज्ञापन का मामला प्रकाश में आने के बाद केवडिया पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने शनिवार को ओएलएक्स पर एक विज्ञापन दिया है। विज्ञापन में अनाम व्यक्ति ने अस्पतालों और स्वास्थ्य संबंधी उपकरणों को खरीदने के लिए स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को 30,000 करोड़ रुपए में बेचने की आवश्यकता बताई है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।