PM मोदी ने देशवासियों को दी हनुमान जयंती की शुभकामनाएं, कहा- संकट से पार पाने में प्रेरणादायक हैं बजरंगबली
(India) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हनुमान जयंती के पावन अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी और कहा कि 'पवनपुत्र' का जीवन भक्ति और शक्ति का प्रतीक है जो हर संकट का सामना करने और उससे पार पाने की प्रेरणा देता है। पीएम मोदी ने ट्वीट के जरिये देशवासियों को हनुमान जयंती पर बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा- हनुमान जयंती के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भक्ति, शक्ति, समर्पण और अनुशासन के प्रतीक पवनपुत्र का जीवन हमें हर संकट का सामना करने और उससे पार पाने की प्रेरणा देता है। आपको बता दें कि भगवान शिव के अवतार हनुमान जी का जन्म चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को चित्रा नक्षत्र और मेष लग्न में हुआ था। जिस दिन हनुमान जी ने जन्म लिया, उस दिन मंगलवार था। इस वजह से प्रत्येक मंगलवार को हनुमान जी की आराधना की जाती है।

वहीं कोरोना संकमण से देश में लगातार मौतें हो रही हैं। महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को एक 44 साल के व्यक्ति की संक्रमण की वजह से मौत हो गई। उसे डायबिटीज की शिकायत थी। पुणे में इससे पहले मंगलवार को तीन की मौत हुई थी। शहर में अब तक संक्रमण से नौ लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, महाराष्ट्र में मौत का आंकड़ा 65 पर पहुंच गया है। उधर, देश में मरने वालों की संख्या 172 हो गई है। यह आंकड़े अलग-अलग राज्य सरकारों की ओर से जारी किए गए हैं। गुजरात के जामनगर में कोरोना पीड़ित 14 महीने के बच्चे की मंगलवार शाम को इलाज के दौरान मौत हो गई। 5 अप्रैल को उसका टेस्ट पॉजिटिव आया था। बच्चे के अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। मंगलवार की शाम को उसने आखिरी सांस ली। बच्चे के माता-पिता मजदूर हैं और उत्तर प्रदेश से हैं। प्रशासन का कहना है कि इनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं थी। यह जामनगर जिले का पहला कोरोना मामला है। उधर, देश में भी कोरोना की वजह से किसी बच्चे की पहली मौत है।

कोरोना के खिलाफ चलेगा टेस्टिंग फेज
दरअसल, सरकार अगले कुछ दिनों में बड़े पैमाने पर कोरोना के खिलाफ टेस्टिंग फेज शुरू करने पर विचार कर रही है। खबरों की मानें तो भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) इस काम की तैयारी में लगा हुआ है। एक अंग्रेजी वेबसाइट की खबर के मुताबिक, "मेक-या-ब्रेक सप्ताह" के दौरान कोरोना के खिलाफ चलाए जाने वाला टेस्टिंग फेज ये तय करेगा कि लॉकडाउन को जारी रखा जाए या फिर नहीं। इसके अलावा इस टेस्टिंग फेज से कोरोना के संदिग्धों का पता चलेगा, ताकि जल्द से जल्द उन लोगों को क्वारंटीन किया जा सके।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।