लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने को लेकर सभी मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे पीएम मोदी
(India) कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही जंग में केंद्र सरकार बिल्कुल भी कोताही बरतना नहीं चाहती है। कोरोना के प्रभाव को कम करने के लिए पीएम मोदी ने 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान किया था, जिसकी मियाद 14 अप्रैल को खत्म हो रही है। हर तरफ लॉकडाउन को बढ़ाने की चर्चाएं जोरो पर हैं। इस बीच पीएम मोदी ने भी लॉकडाउन को बढ़ाने के संकेत दे दिए हैं। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन को बढ़ाने के संकेत दे दिए। इस सर्वदलीय बैठक के खत्म होने के बाद ये जानकारी आई है कि अब प्रधानमंत्री 11 अप्रैल को सभी राज्यों को मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे, जिसमें लॉकडाउन पर चर्चा संभव है और हो सकता है कि अंतिम फैसला भी ले लिया जाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एनडीए और विपक्षी दलों के 16 सांसदों के साथ कोरोना संकट पर चर्चा की। बैठक के बाद बीजद सांसद पिनाकी मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लॉकडाउन एकसाथ नहीं हटाया जाएगा। मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमें बताया कि कोरोना संक्रमण से पहले और उसके बाद का जीवन एक जैसा नहीं होगा। मोदी ने कैबिनेट की बैठक में भी यही संकेत दिए थे कि लॉकडाउन एकसाथ नहीं हटाया जाएगा। इसके अलावा 5 राज्यों मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना और केरल के मुख्यमंत्री भी लॉकडाउन को बढ़ाए जाने के पक्ष में हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सर्वदलीय बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि हम कोरोना के खिलाफ एक बहुत बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं, मैं एकबार फिर से सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से 11 अप्रैल को बात करूंगा। बता दें कि पीएम मोदी की सर्वदलीय बैठक में बीजेपी, कांग्रेस, डीएमके, एआईएडीएमके, टीआरएस, सीपीआईएम, टीएमसी, शिवसेना, एनसीपी, अकाली दल, एलजेपी, जेडीयू, एसपी, बीएसपी, वाईएसआर कांग्रेस और बीजेडी के फ्लोर लीडर्स के साथ बातची की।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।