देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 11 हजार 921 हो गई है। बुधवार को महाराष्ट्र में 117 नए मरीज मिले, इनमें से 66 मुंबई और 44 पुणे के हैं। वहीं, गुजरात में बुधवार को 56 नए मामले सामने आए। इस बीच, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का टेस्ट निगेटिव रहा। उनसे मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला ने मुलाकात की थी। रूपाणी के सचिव ने बताया कि अब मुख्यमंत्री सेल्फ आइसोलेशन में रहेंगे और घर से ही कामकाज संभालेंगे। वहीं, मध्यप्रदेश के इंदौर में 117, राजस्थान में 41 और बंगाल में 23 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। यह आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंदीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि अब तक 23 लाख टेस्टिंग किट मिल चुकी हैं।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 11,933 हो गई है (10197 सक्रिय मामले, 1344 ठीक / डिस्चार्ज / विस्थापित और 392 मौत सहित)।
मेडिकल टीम पर ईंट, पत्थर से हमला, एंबुलेंस में भी तोड़फोड़
उत्तर प्रदेश सरकार कोरोना वायरस के संक्रमण में आए लोगों को सुरक्षित करने में तमाम जतन करने में लगी है। मुरादाबाद के हॉटस्पॉट नवाबपुरा में आज डॉक्टरों पर हमला किया गया। यहां पहले तो सरताज के बड़े भाई की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हो गई। इसके दो दिन बाद सरताज की भी मौत हो गई। दो भाइयों की मौत के बाद इलाकाईयों को मौत से बचाने गई मेडिकल टीम पर गली के साथ छतों से हमला किया गया। ईंट, पत्थर के साथ लाठी-डंडों का भी प्रयोग किया गया। उपद्रवियों ने एंबुलेंस में तोड़-फोड़ भी की और पथराव किया। इस घटना की जानकारी मिलने पर डीएम के साथ एसपी भी मौके पर पहुंचे हैं। यहां पर पुलिस ने दस लोगों को हिरासत में लिया है। शहर के इमाम को भी बुला लिया गया है। पथराव में घायल डॉक्टर का नाम सुधीश चंद्र अग्रवाल है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।