चीन से भारत आएंगे 6.5 लाख टेस्टिंग किट,15 मिनट में टेस्ट करने वाली रैपिड किट भी शामिल
(India)
कोरोनावायरस के देश में बढ़ते प्रकोप के बीच एक अच्छी खबर आई है। चीन के गुआंगझो से साढ़े छह लाख टेस्ट किट लेकर विशेष विमान दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। इनमें साढ़े पांच लाख रैपिड एंटीबॉडी टेस्ट किट हैं। रैपिड किट से जांच करके सिर्फ 15 मिनट में मरीज के संक्रमित होने का पता लगाया जा सकेगा। यह जांच ब्लड की बूंद से की जाती है। देश में अभी की जा रही जांच में गले या नाक से स्वाब लिया जाता है। इसमें रिपोर्ट आने में कम से कम 5 घंटे लगते हैं। चीन की ओर से भारत के लिए 650,000 रैपिड एंटीबॉडी टेस्ट और आरएनए एक्स्ट्रैक्शन किट भेज दिए गए हैं। चीन में भारतीय राजदूत विक्रम मिसरी के अनुसार- आज सुबह कुल 650000 किट गुआंगझू एयरपोर्ट से भारत के लिए भेज दी गई हैं।

कोरोना से प्रभावित देश के 170 जिलों को हॉटस्पॉट (रेड जोन) घोषित किया है। इनमें 6 मेट्रो सिटी- दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता और हैदराबाद भी शामिल हैं। तमिलनाडु के सबसे ज्यादा 22 जिलों को इस लिस्ट में रखा गया है। महाराष्ट्र, राजस्थान और आंध्र प्रदेश अपने-अपने 11 जिलों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, दिल्ली के सभी 9 जिले हॉटस्पॉट शहरों में शामिल किए गए हैं। मध्यप्रदेश और गुजरात के 5-5 जिले भी हॉटस्पॉट की श्रेणी में हैं। वहीं, 207 जिलों को नॉन हॉटस्पॉट (व्हाइट जोन) और 359 को ग्रीन जोन में रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हॉटस्पॉट या रेड जोन ऐसे जिले या शहर हैं, जहां पर देश या राज्य के 80 प्रतिशत से ज्यादा पॉजिटिव मामले सामने आए। इसके साथ ही ऐसे स्थान जहां पर संक्रमण का स्तर अधिक है और 4 दिन से कम समय में केस दोगुना हो रहे हैं, उन्हें भी हॉटस्पॉट माना जाएगा। वहीं, ग्रीन जोन वो इलाके हैं, जहां 28 दिन से संक्रमण का कोई केस नहीं मिला है।


कोरोना वायरस के कारण पूरी दुनिया में तबाही मची है। इस खतरनाक वायरस से करीब 20 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि एक लाख से ज्यादा की मौत हो गई है। वहीं, भारत में भी इस वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में दस हजार 477 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 414 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना को लेकर अगामी तीन मई तक देश में लॉकडाउन जारी है। इसके बावजूद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच एक रिपोर्ट में भारत को लेकर बड़ा दावा किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों के जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, उससे कहीं ज्यादा लोग इस इस वायरस के शिकार हो चुके हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।