(India)
देशभर में बीते 24 घंटे के अंदर कोरोना के 991 पॉजिटिव केस रिपोर्ट किए गए हैं, जो कि कोरोना के कन्फर्म किए गए मामलों की संख्या 14,378 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 43 मौतें हुई हैं। देश में अब तक मरने वालों की संख्या 480 हो गई है। वहीं 1992 लोग ठीक हो चुके हैं, जो कि इलाज का लगभग 13.85 फीसद है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देश में अभी तक कुल 14 हजार 378 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसमें 4 हजार 291 यानी 29.8% संक्रमित तब्लीगी जमात से जुड़े हुए हैं। जमात के सदस्यों के चलते 23 राज्यों में कोरोना का संक्रमण फैला। तमिलनाडु में 84%, दिल्ली में 63%, तेलंगाना में 79%, आंध्रप्रदेश में 61% और उत्तर प्रदेश के 59% संक्रमित तब्लीगी जमात से हैं या फिर इनके संपर्क में आए थे। सरकार के मुताबिक, देश के 47 जिलों में 28 दिन से कोई नया केस नहीं मिला है। मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि हमारे देश में संक्रमण से मृत्यु दर 3.3 प्रतिशत है। यह अन्य कई देशों के मुकाबले काफी कम है। अभी तक हुई कुल मौतों में 83% बुजुर्ग थे या फिर उन्हें अन्य बीमारियां थीं। अग्रवाल ने बताया कि 23 राज्यों के 47 जिलों में पॉजिटिव ट्रेंड देखने को मिला है। यहां पिछले 28 दिन में संक्रमण का कोई मामला नहीं आया है। इसके अलावा 45 जिले ऐसे भी हैं, जहां 14 दिन से कोई केस सामने नहीं आया है। वहीं, सिर्फ 3 जिलों में 14 दिन के बाद नए केस मिल रहे हैं। यह एक लड़ाई है इसलिए हमें हर दिन अपने आप को तैयार रखना पड़ेगा।
लुधियाना के एसीपी अनिल कोहली की मौत, कई दिन से वेंटीलेटर पर चल रहे थे
कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकार ने लॉकडाउन की अवधि भी 3 मई तक बढ़ा दी है। वहीं लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए पुलिसकर्मी अपनी जान को जोखिम में डाल कर दिन-रात ड्यूटी पर तैनात हैं। लेकिन इस बीच पंजाब में एक लुधियाना जिले में सहायक पुलिस आयुक्त कोरोना से जंग में अपनी जिंदगी हार बैठे। पंजाब के लुधियाना में शनिवार को कोरोना संक्रमित असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (एसीपी) अनिल कोहली की मौत हो गई। 52 साल के कोहली 6 अप्रैल से हॉस्पिटल में एडमिट थे। कुछ दिन पहले हालत गंभीर हुई तो उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया। शनिवार को उन्हें प्लाजमा दिया जाना था। हालांकि, ये दिया गया या नहीं। इस बारे में सिविल सर्जन ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। कोराेना संक्रमण से यह राज्य में 16वीं मौत है। लुधियाना में एसीपी अनिल कोहली का कोरोना टेस्ट 13 अप्रैल को पॉजिटिव आया था। 52 वर्षीय कोहली ने 6 दिन तक कोरोना से जंग लड़ी, लेकिन वो कोरोना से जंग में अपनी जिंदगी हार बैठे और उनका निधन हो गया।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।