कोरोना वायरस की वजह से देश भर में जारी लॉकडाउन 2.0 पर सख्ती से अमल जारी है। लेकिन केरल में कोरोना मामलों की संख्या में गिरावट को देखते हुए 20 अप्रैल से प्रदेश सरकार कुछ मामलों में छूट देने की योजना पर काम कर रही है। जानकारी के मुताबिक केरल सरकार प्रदेश के 14 जिलों में से कम से कम 7 जिलों में कुछ हद तक सामान्य हालात की बहाली की दिशा में कदम उठा सकती है। जानकारी के मुताबिक ग्रीन जोन में शामिल केरल के दो जिलों कोट्टायम और इडुक्की में सोमवार से जनजीवन तकरीबन सामान्य हो जाएगा। यहां कोरोना का एक भी ऐक्टिव केस नहीं है। वहीं ऑरेंज बी जोन के जिलों तिरुवनंतपुरम, अलप्पुझा, त्रिशूर, पलक्कड और वायनाड में कुछ प्रतिबंधों को सोमवार से हटा लिया जाएगा।
इन 7 जिलों में रेस्तरां को खोला जाएगा और ऑड-ईवन फॉर्म्युले पर कुछ सरकारी और निजी गाड़ियों को भी चलने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल केरल सरकार ने पूरे प्रदेश को रेड, ऑरेंज ए, ऑरेंज बी और ग्रीन जोन में बांटने का फैसला लिया है।
इंदौर में 45 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव थाना प्रभारी की मौत
मध्यप्रदेश में कोरोना का एपिसेंटर बने इंदौर में 45 वर्षीय थाना प्रभारी की शनिवार रात 2 बजे मौत हो गई। इंस्पेक्टर देवेंद्र चंद्रवंशी जूनी थाने के प्रभारी थे। वे पिछले 19 दिन से अरविंदो अस्पताल में भर्ती थे। टीआई चंद्रवंशी की पहली कोरोना रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में दो रिपोर्ट निगेटिव आईं। अस्पताल प्रबंधन के प्रमुख डॉ. विनोद भंडारी का कहना है कि चंद्रवंशी की मौत पल्मोनरी एम्बोलिज्म की वजह से हुई। रविवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलनी थी। वहीं, टीआई के साथ तैनात रहा एएसआई भी संक्रमित है। इंदौर में अब तक कोरोना के 890 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं, जबकि 48 लोगों की मौत हुई। हालत गंभीर होने पर वे 15 दिन से वेंटिलेटर पर थे। 2007 में एसआई बने चंद्रवंशी शाजापुर जिले के रहने वाले थे। उनकी मौत से पुलिस महकमे में शोक है। शनिवार को पंजाब के लुधियाना में कोरोना पॉजिटिव एसीपी अनिल कोहली की जान चली गई थी।
स्पेशल फ्लाइट से पंजाब में फंसे 300 अमेरिकी नागरिक भेजे गए यूएस
पंजाब में फंसे 300 अमरीकी नागरिक स्पेशल फ्लाइट से भेजे गए यूएस
पंजाब के लुधियाना से 300 अमरीकी नागरिकों को स्पेशल फ्लाइट के जरिए यूएस भेजा गया है। लॉकडाउन के कारण वे यहां फंसे हुए थे। स्पेशल फ्लाइट का प्रबंध यूएस एंबेसी की ओर से किया गया था।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।