महाराष्ट्र की हालत सबसे खराब, एक दिन में 466 मरीज बढ़े
सोमवार को सबसे ज्यादा 466 मरीज महाराष्ट्र में मिले। यहां संक्रमितों की संख्या 4666 हो गई है, जबकि मृतकों का आंकड़ा 232 है, जो देश में सबसे ज्यादा है। इसके अलावा गुजरात में 196, उत्तरप्रदेश में 84, आंध्रप्रदेश में 75, राजस्थान में 98, पश्चिम बंगाल में 29 और हरियाणा में 1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एक तरफ देश भर में कारोना का कहर जारी है तो दूसरी तरफ कुछ ऐसे राज्य व केंद्र शासित प्रदेश भी हैं जहां से संकेत अच्छे मिलने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक देश के नौ राज्यों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में भारी कमी आई है। पहले इन राज्यों में मरीज 4 दिन में दोगुने हो रहे थे। अब ये स्थितियां बदलने लगी हैं। इस मामले में सबसे बेहतर स्थिति में केरल की है। दूसरे नंबर पर ओडिशा है। केरल में 72.2 तो ओडिशा में 39.8 दिनों में मरीज दोगुने हो रहे हैं। केरल में लॉकडाउन के नियमों में भी केंद्र के नियमों से परे जाकर छूट दी गई है।
वहीं अंडमान-निकोबार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, असम, उत्तराखंड व लद्दाख में 20 से 30 दिन में कोरोना मरीज दोगुने हो रहेे हैं। इसके अलावा बिहार में 16.4, तमिलनाडु में 14, छत्तीसगढ़ में 13.3, पंजाब में 13.1, जम्मू-कश्मीर में 11.5, आंध्र प्रदेश में 10.6 दिनों में कोरोना से संक्रमित मरीज दोगुने हो रहे हैं। जहां तक दिल्ली, कर्नाटक और तेलंगाना की बात है तो इन राज्यों में मरीज 8 से 10 दिन में दोगुने हो रहे हैं।
राजस्थान के डूंगरपुर और पाली, गुजरात के मोरबी और जामनगर, उत्तरी गोवा में 14 दिन से कोरोना के कोई केस सामने नहीं आए हैं। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में पिछले 28 दिन से नया कोरोना संक्रमित मरीज सामने नहीं आया है।
बता दें कि देश के 32 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 408 जिलों में कोरोना संक्रमण का असर है। इनमें से कोरोना के कुल मरीजों में से 36 फीसदी मरीज सिर्फ 17 जिलों से हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इन जिलों से 6,205 से भी ज्यादा मरीज हैं।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।