सरकार के मंत्रालयों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में कोरोना संक्रमण के अब तक 4000 से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। रिकवरी रेट 19.8% हो गया है। 78 जिलों में 14 दिनों से कोई नया केस नहीं मिला है। उधर, गृह मंत्रालय ने कहा कि लॉकडाउन कुछ घटनाओं को छोड़कर ठीक चल रहा है। जो इलाके हॉटस्पॉट जोन में नहीं हैं, वहां राज्य सरकारें उद्योगों को शुरू करा रही हैं। सड़क निर्माण से जुड़ा काम भी शुरू हो गया है।
आज आंध्रप्रदेश में 80, मध्यप्रदेश में 50 मरीज मिले
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 21660, हो गई है। गुरुवार को आंध्रप्रदेश में 80, मध्यप्रदेश में 50, राजस्थान में 49, पश्चिम बंगाल में 33, उत्तरप्रदेश में 24, कर्नाटक में 18, बिहार में 5, झारखंड में 3 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमण के कुल 21700 मामले आए हैं। इनमें 16,689 का इलाज चल रहा है। 4324 ठीक हुए हैं, वहीं 686 लोगों की मौत हुई है।
छूट मिली तो एहतियात भूले लोग
लॉकडाउन के बीच दिल्ली की आजादपुर और गाजीपुर सब्जी मंडियों के खुलने पर यहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं किया। आजादपुर मंडी के बाहर ट्रक, कार और टैंपो लंबी कतार में खड़े नजर आए। सरकार ने 21 मार्च से आजादपुर मंडी को 24 घंटे खोलने की इजाजत दी है।
2021 तक नहीं बढ़ेगा मंहगाई भत्ता
कोरोना संकट की वजह से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है और इसमें भारत भी शामिल है। इस बीच गुरुवार को भारत सरकार ने बड़ा फैसला किया है। सरकार ने फैसला करते हुए केंद्रीय कर्मचारियों को मिलने वाले डीए यानी महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई इंस्टॉलमेंट पर रोक लगा दी गई है। महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी पर लगी ये रोक एक जुलाई 2021 तक जारी रहेगी।
इस बाबत वित्त मंत्रालय की ओर से एक अधिसूचना जारी कर दी गई है। आदेश के अनुसार, 1 जनवरी 2020 से जो केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारकों को डीए की इन्स्टॉलमेंट मिलने वाली थी, उसपर रोक लगा दी गई है। वहीं, 1 जुलाई 2020, 1 जनवरी 2021 से मिलने वाली अतिरिक्त इंस्टॉलमेंट पर रोक लगाई गई है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।