देशभर में फंसे मजदूरों-छात्रों के लिए 6 श्रमिक ट्रेनें चलाई जाएंगी, गृह मंत्रालय ने दी अनुमति
(India) देश के विभिन्न राज्यों में फंसे हुए प्रवासी मजदूरों, छात्रों, सैलानियों व अन्य लोगों की आवाजाही के लिए केंद्र सरकार ने विशेष ट्रेनें चलाने की मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को गृह मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय की संयुक्त सचिव पीएस श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य सरकारें इसके लिए रेलवे बोर्ड से संपर्क करके प्लान तैयार कर लें। रेलवे ने लिंगमपल्ली से हटिया, नासिक से लखनऊ, अलूवा से भुब, नासिक से भोपाल, जयपुर से पटना और कोटा से हटिया तक 6 श्रमिक ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। लॉकडाउन के कारण दूसरे राज्यों में मजदूरों को अपने गृह राज्य लाने के लिए गृह मंत्रालय ने अनुमति दे दी है। निर्देश में गृह मंत्रालय ने कहा कि राज्य रेलवे से बात करके योजना बनाएं और अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए कदम उठाएं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की संयुक्‍त सचिव ने बताया कि सभी राज्यों को यह निर्देश दिया गया है कि माल वाहक वाहनों और ट्रकों के आवागमन के लिए अलग से पास की आवश्यकता नहीं है। उन्‍होंने कहा कि माल वाहक वाहनों के पर‍िचालन में बाधा डालने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि शुक्रवार को राजस्थान के कोटा शहर से दो स्पेशल ट्रेनें झारखंड के लिए आएंगी। इन ट्रेनों से कोटा में फंसे छात्रों को लाया जाएगा।
वही गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने फंसे हुए छात्रों, प्रवासी मजदूरों, पर्यटकों, तीर्थयात्रियों आदि को ट्रेन के जरिए आवाजाही की अनुमति दी है। राज्य और रेलवे बोर्ड इसके लिए जरूरी व्यवस्था करेंगे।

कोरोना के बढ़ रहे खतरे के बीच सील हुई सीमाएं
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच देशभर के कई इलाकों में सख्ती बढ़ाई जा रही है। ऐसी सख्ती हरियाणा सरकार ने भी दिखाई है। दरअसल कोरोना वायरस के नए संक्रमित केसों के आने के बाद हरियाणा और दिल्ली सरकार ने अपनी-अपनी सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया है। इसी कड़ी में दिल्ली-एनसीआर का हिस्सा गुरुग्राम भी शामिल है। गुरुग्राम में सीमाएं शुक्रवार को पूरी तरह सील कर दी गई हैं।
दरअसल गुरुग्राम में पहले वाहनों के आने जाने पर रोक लगा दी गई है थी , लेकिन शुक्रवार से सीमाओं पर पैदल आने-जाने वालों पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण का प्रसार तेजी से होता देख इसकी सीमा से सटा राज्य हरियाणा ने दिल्ली एवं अन्य राज्यों की सीमाओं से खुद को सुरक्षित कर लिया है। हरियाणा सरकार ने सभी सीमाओं को सील कर दिया है। गुरुग्राम जिले के बॉर्डर पूरी तरह से सील कर दिए गए हैं। अब यदि कोई गलती से बॉर्डर तक पहुंच भी गया तो उसे वापस लौटा दिया जा रहा है। दिल्ली-गुरुग्रम के कापसहेड़ा बॉर्डर को सील किए जाने के बाद शुक्रवार को लोगों को रोकने का सिलसिला और तेज हो गया है। वहीं कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए हरियाणा में पड़ोसी राज्यों और जिलों से सरकारी कर्मचारियों और आम लोगों की फरीदाबाद में एंट्री बंद कर दी गई है। सिर्फ जरूरी सामान लाने ले जाने वाले वाहनों को इजाजत दी है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।