कोरोना वॉरियर्स के सम्मान में IAF ने पुलिस वॉर मेमोरियल पर हेलिकॉप्टर से फूल बरसाकर दी सलामी
(India) कोरोना वॉरियर्स के सम्मान में आज भारतीय वायुसेना ने (IAF) ने पुलिस वॉर मेमोरियल पर हेलिकॉप्टर के जरिए फूल बरसाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आज सुबह करीब आठ बजे श्रीनगर की डल झील से फ्लाई पास्ट की शुरुआत हुई। वायुसेना के विमानों ने डल झील के ऊपर फॉर्मेशन में फ्लाई किया। हालांकि, खराब मौसम के चलते विमानों की विजिबिलिटी काफी कम थी और विमान काफी ऊंचाई पर उड़ान भर सके। कश्मीर में रातभर से बारिश हो रही है। ये फ्लाई पास्ट श्रीनगर के बाद चंडीगढ़ में नजर आएगा।
देश में कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ, सफाई से जुड़े लोगों और पुलिस के सम्मान में वायुसेना ने फूल बरसाकर उन्हें सलामी दी है। यह पहला मौका है, जब तीनों सेनाएं वायरस का सामना कर रहे वॉरियर्स के सम्मान के लिए आगे आई हैं। देश की तीनों सेनाओं के सलामी के इस अनोखे अंजदाज ने कोरोना वॉरियर्स के अंदर का जज्बा कायम रखा है। साथ ही सेनाओं ने यह सन्देश भी दिया की पूरा देश आज कोरोना वॉरियर्स के साथ है। देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया था।
नौ फाइटर प्लेन और तीन ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट इंडियन एयरफोर्स के अब तक के सबसे लंबे फ्लाई पास्ट का हिस्सा होंगे। यह फ्लाई पास्ट उत्तर में श्रीनगर से दक्षिण में कोयंबटूर तक 2570 किमी और पूरब में गुवाहाटी से पश्चिम में अहमदाबाद तक 1966 किमी की हवाई दूरी तय करेगा।
दिल्ली में रविवार सुबह 9 बजे वायुसेना के हेलिकॉप्टरों ने वॉर मेमोरियल पर फूल बरसाए। उधर, सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच देशभर में कोरोना के अस्पतालों पर भी आर्मी, एयरफोर्स और नेवी के हेलिकॉप्टरों के जरिए फूल बरसाए जाएंगे। इनमें दिल्ली का एम्स, दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल, जीटीबी अस्पताल, लोकनायक अस्पताल, राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल, गंगाराम अस्पताल, बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल, मैक्स साकेत, रोहिणी अस्पताल, अपाेलो इंद्रप्रस्थ और आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रैफरल शामिल है।

हरियाणा: आर्मी ने सरकारी अस्पताल पर फूल बरसाए
भारतीय सेना ने हरियाणा के पंचकुला के सरकारी हॉस्पिटल के सामने मेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों के सम्मान में बैंड बजाया। भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर ने भी अस्पताल पर फूल बरसाए।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।