कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मजदूरों के लिए किया बड़ा ऐलान, मजदूरों के घर वापसी का खर्च पार्टी ने उठाया
(India) देश में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए बीते 25 मार्च से देश भर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन की घोषणा की थी। इसे फिर 15 अप्रैल से 3 मई तक बढ़ाया गया और अब 4 से 17 मई तक। हालांकि अचानक लिए गए इस फैसले के चलते देशभर में प्रवासी मजदूर-गरीब जगह-जगह फंस गए और घर वापसी के जतन करने लगे। अब जब केंद्र सरकार ने उन्हें भिजवाने के लिए रेलवे और बसों की व्यवस्था कर दी है तो राज्यों-श्रमिकों से किराया वसूले जाने की भी बात सामने आई है। इसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को ऐलान किया कि हर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ऐसे सभी गरीबों-प्रवासी मजदूरों का खर्च उठाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि जरूरतमंद कामगारों और प्रवासी मजदूरों के रेल किराए की जिम्मेदारी संबंधित प्रदेश की कांग्रेस कमेटी उठाएगी। सोनिया का कहना कि केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से कई बार यह मांग की गई कि लॉकडाउन की वजह से फंसे प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने का किराया नहीं लिया जाए, लेकिन कांग्रेस की बात अनसुनी कर दी गई।

सोनिया ने कहा है कि मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, उनकी मेहनत और त्याग देश का आधार है। 1947 के बंटवारे के बाद देश ने पहली बार ऐसा संकट देखा है कि हजारों मजदूर सैंकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर घर वापसी के लिए मजबूर हो गए। जबकि उनके पास पैसा, खाने-पीने का सामान और दवा तक के इंतजाम नहीं हैं।

कोरोना अपडेट : कोरोना देश में अब तक 42 हजार 628 केस

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 42 हजार 628 हो गई है। अकेले महाराष्ट्र में करीब 13 हजार कोरोना पॉजिटिव हैं। यह कुल संक्रमितों का करीब 31% है। रविवार को महाराष्ट्र में 678, दिल्ली में 427, गुजरात में 374, पंजाब में 330, उत्तरप्रदेश में 158, राजस्थान में 114, मध्यप्रदेश में 49 समेत 2676 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। नए मरीजों की संख्या लगातार तीसरे दिन सबसे ज्यादा है। शनिवार को 2567 संक्रमित मिले थे। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 42 हजार 537 हैं। 29 हजार 453 का इलाज चल रहा है। 11 हजार 706 ठीक हो चुके हैं और 1373 की मौत हुई है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।