आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में मल्टीनेशनल कंपनी एलजी पॉलिमर्स से जहरीली गैस लीक, 8 लोगों की मौत, पांच गांव खाली कराए
(India) आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम के वेंकटपुरम गांव में मल्टीनेशनल कंपनी एलजी पॉलिमर्स से जहरीली गैस लीक होने से 8 लोगों की मौत हुई। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक हजार से ज्यादा लोग बीमार पड़े हैं। मामला गुरुवार तड़के करीब 3 बजे का है, जहां केमिकल फैक्ट्री से गैस लीक होने से 8 लोगों की मौत हो गई। राज्य के डीजीपी दामोदर गौतम सवांग ने बताया कि गैस के असर से 6 लोगों की मौत हुई, जबकि एक व्यक्ति दहशत में भागते समय कुएं में गिर गया। यह गैस मल्टीनेशनल कंपनी एलजी पॉलिमर्स इंडस्ट्री के प्लांट से लीक हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक हजार से ज्यादा लोग बीमार पड़े हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन की बैठक बुलाई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। डीजीपी के अनुसार- घटना में अब तक 8 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय प्रशासन और नेवी ने फैक्ट्री के पास के गांवों को खाली करा लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार- 10 किलोमीटर की रेंज में बड़ी संख्या में जानवर भी मारे गए हैं।

जानकारी के मुताबिक 20 लोगों की हालत गंभीर है। इनमें ज्यादातर बुजुर्ग और बच्चे हैं। सरकारी अस्पताल में करीब 150 लोग भर्ती किए गए हैं। इसके अलावा कुछ लोगों को गोपालपुरम के निजी अस्पतालों में भी भर्ती किया गया है। डीजीपी सवांग ने बताया कि गैस 3 से 4 किलोमीटर के दायरे में फैली है। खबर लगते ही कई लोग मौके पर भी पहुंचे, लेकिन आंखों में जलन और गैस की बदबू के कारण वहीं बेहोश होकर गिर गए। आसपास के घरों में भी लोग बेहोश मिले हैं। कुछ लोगों ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की है। कुछ के शरीर पर लाल निशान पड़ गए।

रेस्क्यू का 90% काम पूरा हुआ
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। एनडीआरफ का कहना है कि 27 लोग रेस्क्यू में लगे हैं, जो इंडस्ट्रियल गैस लीक मामलों के एक्सपर्ट हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन का 80% से 90% काम पूरा हो चुका है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।