गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि मैं किसी भी बीमारी से पीड़ित नहीं हूं। उन्होंने अपने शुभचिंतकों को एक संदेश भी दिया। शाह ने ट्वीट में लिखा, "पिछले कई दिनों से कुछ मित्रों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मेरे स्वास्थ्य के बारे में कई मनगढ़ंत अफवाएं फैलाई हैं। यहां तक कि कई लोगों ने मेरी मृत्यु के लिए भी ट्वीट कर दुआ मांगी। उन्होंने लिखा कि मेरे शुभचिंतकों और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का मेरा हालचाल पूछने और मेरी चिंता करने के लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं। जिन लोगों ने यह अफवाहें फैलाईं हैं उनके प्रति मेरे मन में कोई दुर्भावना या द्वेष नहीं है। आपका भी धन्यवाद।
महाराष्ट्र में 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1089 नए मामले आए सामने
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 1089 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में मरीजों की संख्या बढ़कर 19063 हो गई है। बीते 24 घंटे में 37 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में कोरोना से अब तक 731 लोगों की मौत हो चुकी है। मुंबई में अकेले 462 लोगों की जान जा चुकी है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो मुंबई में 748 नए केस आए हैं और 25 लोगों की मौत हुई है।
देश के 216 जिलों में एक भी केस नहीं
देशभर में कोरोना वायरस का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है और अब लॉकडाउन के बावजूद भी मरीजों की संख्या में गिरावट नहीं देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि जिन इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है, वहां और पाबंदियां लागू करनी होंगी। देशभर में अब तक ऐसे 216 जिले हैं, जहां अब तक एक भी केस दर्ज नहीं किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर के 42 जिले ऐसे हैं, जहां बीते 28 दिनों से कोरोना वायरस संक्रमण के एक भी मामले सामने नहीं आए हैं। 29 जिले ऐसे हैं जहां बीते 21 दिनों में कोरोना संक्रमण के एक भी मामले सामने नहीं आए हैं। देश में 36 ऐसे जिले हैं, जहां बीते 14 दिनों से संक्रमण के एक भी केस सामने नहीं आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कुल 46 जिले ऐसे हैं, जहां बीते 7 दिनों में कोरोना वायरस संक्रमण का एक भी केस सामने नहीं आया है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।