पीएम मोदी आज मुख्यमंत्रियों के साथ 5वीं बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, क्या Lockdown 4.0 की तैयारी में मोदी सरकार?
(India) कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए देशभर में पिछले डेढ़ महीने से लॉकडाउन जारी है। लॉकडाउन 3.0 की अवधि समाप्त होने में महज 7 दिन शेष बचे हैं। यानी 17 मई को लॉकडाउन 3.0 समाप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कोरोना संकट और लॉकडाउन को लेकर चर्चा करेंगे। यह बैठक दोपहर 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। इससे पहले भी पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों से चर्चा कर चुके हैं। पिछली बैठक में ज्यादातर मुख्यमंत्रियों ने लॉकडाउन को बढ़ाने का सुझाव दिया था। उसके बाद 3 मई को सरकार ने लॉकडाउन को दो सप्ताह तक बढ़ा दिया। प्रधानमंत्री की आज मुख्यमंत्रियों के साथ पांचवी बैठक होने जा रही हैं। जिसमें सभी मुख्यमंत्रियों को बात रखने का मौका मिलेगा। लॉकडाउन का तीसरा फेज 17 मई को खत्म हो रहा है। ऐसे में मोदी मुख्यमंत्रियों से कोरोना से निपटने की रणनीति, लॉकडाउन की बंदिशें कम करने और आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने पर सुझाव मांग सकते हैं। दूसरी ओर, केंद्र सरकार का फोकस अब इकोनॉमी को गति देने के लिए राज्यों में कामकाज शुरू कराने पर है।
कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने रविवार को राज्यों के चीफ सेक्रेटरी (मुख्य सचिव) और हेल्थ सेक्रेटरी (स्वास्थ्य सचिव) से बात की थी। गौबा ने कहा कि अब राज्य सरकारों को आर्थिक गतिविधियां चालू करने पर जोर देना चाहिए। सरकार प्रवासियों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चला रही है। सभी राज्य इसमें ज्यादा से ज्यादा सहयोग करें और वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों में फंसे लोगों की लौटने में मदद करें।


पिछली बैठकों के बाद बढ़ा था लॉकडाउन
बता दें कि इससे पहले भी पीएम मोदी कोरोना संकट पर सभी राज्यों से चर्चा कर चुके हैं। 20 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत की थी और 24 मार्च को पहली बार लॉकडाउन की घोषणा हुई। लॉकडाउन 1.0 के दौरान पीएम मोदी ने दो बार 2 अप्रैल और 11 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत की थी। जिसके बाद 14 अप्रैल को लॉकडाउन की अवधि 3 मई तक बढ़ाने का फैसला लिया गया। इसके बाद 27 अप्रैल को मीटिंग के बाद 17 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया था। हालांकि, इस दौरान कुछ रियायतें दी गई।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।