मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्य प्रदेश के गुना में हुई सड़क दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के प्रवासी श्रमिकों की मौत पर शोक जताते हुए संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही अफसरों को मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय कर सभी घायलों का समुचित उपचार कराने तथा मृतकों के पार्थिव शरीर दिवंगतों के परिजनों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार तड़के करीब ढ़ाई बजे महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश लौट रहे श्रमिकों से भरे कंटेनर की टक्कर एक यात्री बस से हो गई। गुना के पास हुए इस हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में 50 अधिक अन्य मजदूर घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घर जाने की मजबूरी के चलते दुर्घटना ग्रस्त कंटेनर में 60 से ज्यादा मजदूर भरे थे। हादसे के बाद कंटेनर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 50 से ज्यादा घायलों को गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इससे पहले बुधवार देर रात उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक रोडवेज बस ने मजदूरों को कुचल दिया था। इस हादसे में छह मजदूरों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दो घायल हैं। ये सभी मजदूर पैदल ही बिहार अपने घर वापस जा रहे थे।
मध्य प्रदेश: सभी मजदूर महाराष्ट्र से लौट रहे थे -
मध्य प्रदेश के गुना में मारे गए यह मजदूर महाराष्ट्र से लौट रहे थे। एक कंटेनर में सवार थे। यह सभी लोग उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की तरफ जा रहे थे। मरने वालों की पहचान इब्राहीम, अजीत, अर्जुन, वसीम, रमेश और सुधीर के रूप में हुई है। दो अन्य की पहचान नहीं हुई है।
उत्तर प्रदेश: हादसा देर रात हुआ, 4 जख्मी-
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार देर रात 11:45 बजे रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर भी मौत हो गई। जबकि चार जख्मी हो गए। इनमें से दो घायलों को इलाज के लिए मेरठ भेजा गया है।
बिहार: प्रवासी मजदूरों की बस मुजफ्फरपुर से कटिहार जा रही थी-
बिहार के समस्तीपुर के पास प्रवासी मजदूरों की बस ट्रक से टकरा गई। यह हादसा भी देर रात हुआ। इसमें दो लोग मारे गए और 18 जख्मी हो गए। बस मुजफ्फरपुर से कटिहार जा रही थी। बस में 32 मजदूर सवार थे।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।