24 घंटे में COVID-19 के पांच हजार से ज्यादा मामले, रविवार को 154 लोगों की मौत
(India) पूरी दुनिया के साथ-साथ भारत में कोरोना वायरस अपना कहर लगातार बरपा रहा है। इस खतरनाक वायरस के कारण देश में लॉकडाउन लागू है। इसके बावजूद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। पिछले 24 घंट में कोरोना वायरस के एक दिन में रिकॉर्ड पांच हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जबकि 154 लोगों की मौत हुई है। वहीं, इस महामारी को लेकर आज से देश में लॉकडाउन 4.0 लागू हो गया है। कोरोना वायरस के कारण महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और दिल्ली में सबसे ज्यादा स्थिति खतरनाक हैं। रविवार को पहली बार एक दिन में देश में कोरोना के पांच हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जबकि 154 लोगों की मौत हुई है। वहीं, महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना के 2347 नए मरीज मिले और 63 लोगों की मौत हुई है। अकेले मुंबई में पिछले 24 घंटे में इस खतरनाक वायरस से 38 लोगों की जान गई है। वहीं, देश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 90 हजार के करीब पहुंच गया है। जबकि, 2872 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 34108 लोग इस महामारी से ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं।

देश में लॉकडाउन-4 का पहला दिन-
देश में लॉकडाउन फेज-4 का सोमवार को पहला दिन है। केंद्र सरकार ने लॉकडाउन 31 मई तक भले ही बढ़ा दिया है, लेकिन सख्त पाबंदियां सिर्फ कंटेनमेंट जोन तक सीमित कर दी हैं। पहले दिन देश के अलग-अलग हिस्सों में इसका असर भी देखने को मिल रहा है। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में फुटवियर, इलेक्ट्रॉनिक्स और बैग-हेलमेट की दुकानें खुलने की तस्वीरें सामने आईं।
वहीं, कर्नाटक में सलून खोले गए। इसी तरह, दिल्ली और केरल के कोच्चि में सड़कों पर वाहन दिखे। पंजाब के अमृतसर में सरकार की गाइडलाइन के खिलाफ मंदिर खुले। लोग यहां पूजा करने पहुंच गए।
केंद्र सरकार ने लॉकडाउन फेज- चार 31 मई तक बढ़ा दिया है। कंटेनमेंट जोन के बाहर बस-टैक्सी और अन्य यात्री वाहन चलाने की छूट दी गई है। राज्य आपसी सहमति से अंतरराज्यीय बसें भी चला सकेंगे। गृह मंत्रालय ने रविवार को जारी आदेश में स्पष्ट किया कि जिन गतिविधियों का विशेष तौर पर उल्लेख कर पाबंदी नहीं लगाई है, कंटेनमेंट जोन के बाहर उन सभी गतिविधियों को छूट रहेगी। यानी सलून, ऑटोमोबाइल, वर्कशॉप, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े इत्यादि सभी तरह की दुकानें और बाजार खोले जा सकेंगे, लेकिन धार्मिक स्थल, स्कूल और कॉलेज खोलने पर प्रतिबंध रहेगा।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।