Coronavirus Update : देश में  1 लाख पार पहुंची मरीजों की संख्या, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव
(India) भारत में कोरोना वायरस का पहला पॉजिटिव केस आने के कुल 109 दिन बाद देश में कुल केस की संख्या सोमवार को 1 लाख का आंकड़ा पार कर गई। संक्रमित लोगों के दोगुने होने की दर 12 दिनों की है। हाल के दिनों में वायरस के फैलने और संक्रमित मामलों में आई तेजी स्पष्ट रूप से सरकार की चिंता का कारण बनी है।सोमवार को देश भर से कोरोना वायरस के 4,713 नए मामले सामने आए, जो अब तक एक ही दिन में तीसरा सबसे बड़ा उछाल है। इनमें से अकेले महाराष्ट्र में ही 2,033 मामले रिपोर्ट किए गए। सोमवार को 24 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा नए मामलों की सूचना दी गई। वहीं, इन आंकड़ों के बीच एक अच्छी बात यह है कि संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को रिकवरी रेट 38.8 फीसदी के साथ यह आंकड़ा 38,908 पर पहुंच गया। वहीं, देश में यह महामारी अब तक 3,103 लोगों की मौत की वजह बनी है। कोरोना वायरस की भारत में मृत्यु दर भी अपेक्षाकृत कम 3.1 फीसदी है।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव-
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंगलवार से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की पांच कंपनियां तैनात की जा रही हैं। इन्हें मुंबई में 1, 3, 5, 6 और 9 जोन में तैनात किया जाएगा। मुंबई पुलिस की ओर से यह जानकारी दी गई है। इससे पहले केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 5 कंपनियों का पहला बैच सोमवार को मुंबई पहुंचा था। महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र सरकार से पुलिस की मदद के लिए सीएपीएफ को भेजने का अनुरोध किया था। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 1264 हो गई है। सोमवार को 4629 मरीज बढ़े। अब तक 39 हजार 234 मरीज ठीक भी हुए हैं। उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 38.29% हो गई है। देश में हर एक लाख आबादी पर 7.1 मरीज हैं। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 1 हजार 139 संक्रमित हैं। 58 हजार 802 का इलाज चल रहा है। 39 हजार 173 ठीक हुए हैं और 3163 की मौत हो चुकी है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।