25 मई से शुरू होंगी घरेलू उड़ानें, उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस को दिए तैयारी रखने के निर्देश
(India) कोरोना वायरस के लॉकडाउन के बाद देश में 62 दिनों के बाद 25 मई से घरेलू उड़ानों की शुरुआत होगी। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस के बारे में जानकारी दी । नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा- सभी एयरपोर्ट्स और एयरलाइन कंपनियों को 25 मई से ऑपरेशंस शुरू करने के बारे में बताया जा रहा है। देश में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 23 मार्च और घरेलू उड़ानें 25 मार्च से बंद हैं। उड्डयन मंत्रालय ने पिछले दिनों कंपनियों को टिकटों की बुकिंग नहीं करने के लिए कहा था। लॉकडाउन फेज-4 में उड़ानों पर प्रतिबंध जारी रहेगा। स्टेटिस्टा के मुताबिक, देश में हर महीने औसतन 1.3 करोड़ और सालाना 14 करोड़ यात्री घरेलू उड़ानों में सफर करते हैं। 2019 में देश में करीब 7 करोड़ लोगों ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में सफर किया।

Cyclone Amphan का ओडिशा में कहर, तमाम इलाकों में ढह गए घर और पेड़

चक्रवाती तूफान अंफान को देखते हुए ओडिशा सरकार ने 1.37 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। यहां बुधवार सुबह तेज बारिश और तेज हवा के साथ 'अंफान' तट की ओर तेजी से बढ़ा और इसने प्रदेश के कई इलाकों में तबाही मचाई। तूफान के चलते बहुत सारे पेड़ और मकान ढह गए, जिनके वीडियो भी सामने आए हैं। विशेष राहत आयुक्त प्रदीप कुमार जेना ने बताया कि बुधवार सुबह तक 1.37 लाख से अधिक लोगों को चक्रवात आश्रय स्थल तक पहुंचाया गया है और यह आंकड़ा बढ़ सकता है। तटीय जिलों में तेज हवाओं के चलते पेड़, बिजली के खंभे गिरने लगे हैं। पारादीप में हवा की रफ्तार सबसे अधिक 102 किमी प्रति घंटे के दर्ज की गई, जिसके बाद चंदबली में 74 किमी प्रति घंटा, बालासोर में 61 किमी प्रति घंटा और भुवनेश्वर में 56 किमी प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज की गई। पारादीप में सर्वाधिक 197.1 मिमी बारिश भी दर्ज की गई।
सुपर साइक्लोन अम्फान के जमीन से टकराने की प्रक्रिया जारी है। इसे पूरा होने में करीब 4 घंटे लगेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रक्रिया दोपहर ढाई बजे शुरू हुई थी। अम्फान सुंदरबन के पास (पश्चिम बंगाल के दीघा और बांग्लादेश के हटिया के बीच) टकराया। वहीं, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। तटीय क्षेत्रों में 165-185 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। बांग्लादेश में तेज हवा और बारिश की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।