मुंबई में कोरोना से हालात हुए बेकाबू, मुंबई में 34 हजार पार पहुंची संक्रमितों का आंकड़ा
(India) कोरोना वायरस ने मई के महीने में रफ्तार पकड़ी है। देश में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले महाराष्ट्र के मुंबई से सामने आ रहे है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई इन दिनों कोरोना की सबसे बुरी मार झेल रही है। 27 मई तक यहां कोरोना के 34 हजार 18 मामले आ चुके हैं, जबकि पूरे महाराष्ट्र में 56 हजार 948 मरीज मिले हैं। यानी पूरे महाराष्ट्र में जितने केस हैं, उसका 60% अकेले मुंबई में हैं। महाराष्ट्र के 36 में से 35 जिलों में 22 हजार 930 मामले ही हैं। देश के 29 राज्यों को भी मिलाकर उतने मरीज नहीं होते, जितने मरीज अकेले मुंबई में हैं। 29 राज्यों में 33 हजार 92 मामले मिल चुके हैं। जबकि, देश के 30 राज्यों में कुल मिलाकर 1 हजार 87 मौतें हुई हैं और सिर्फ मुंबई में 1 हजार 97 मौतें।

दिल्ली में 24 घंटे में मिले 1000 से ज्यादा केस-
देश में कोरोना वायरस के मामलों में कमी देखने को नहीं मिल रही है। गुरुवार को कोरोना वायरस के केसों में सबसे बड़ा उछाल राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में देखने को मिला। यहां 24 घंटे में 1024 कोरोना वायरस से संक्रमित लोग मिले हैं। जबकि इस दौरान 13 लोगों की मौत हो गई है। दिल्ली में यह एक दिन में पाए गए केसों में अब तक सबसे ज्यादा संख्या है। इसके साथ ही राजधानी में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 16 हजार 281 हो गई है। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 8470 हो गई है। जबकि बीते 24 घंटे में 231 मरीजों ने इस जानलेवा बीमारी को मात दी है। वहीं, राज्य में कोरोना वारियर्स की भूमिका निभा रही दिल्ली पुलिस भी कोरोना की मार से बच नहीं पा रही हैं। सरिता विहार के दिल्ली पुलिस के एसीपी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग अब उनकी कोंटेक्ट ट्रेसिंग करने में जुटा है। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो लॉकडाउन में ढील दिए जाने के बाद से राजधानी में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में अगर लॉकडाउन 4.0 की शुरुआत से अब तक देखें तो कोरोना वायरस के करीब 6500 मामले सामने आए हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।