प्रवासी मजदूरों को लेकर केंद्र का सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा पेश, मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए ट्रेनें चलाई गईं
(India) केंद्र सरकार ने प्रवासी मजदूरों के मामले में शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर दिया। इसमें सरकार ने कहा है कि मजदूरों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। कई राज्य सरकारों ने बसों की सुविधा दी। मजदूरों को मुफ्त में खाना-पानी, दवाइयां, कपड़े, चप्पल और अन्य जरूरी चीजें मुहैया कराई गई हैं। सड़क पर पैदल चल रहे मजदूरों को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की मदद से उनके घर तक पहुंचाया गया।
सरकार ने हलफनामे में यह भी कहा कि राज्य सरकारें और रेलवे प्रवासी मजदूरों को मुफ्त में भोजन और पानी उपलब्ध कराते हैं। एक जून तक रेलवे ने संबंधित राज्य सरकारों की ओर से दी जा रही सुविधाओं को छोड़कर 1.63 करोड़ भोजन के पैकेट और 2.10 करोड़ से ज्यादा पानी की बोतलें बांटी हैं।

कोरोना अपडेट - देश में अब तक 2.37 लाख केस

देश में कोरोना मरीजों की संख्या 2 लाख 37 हजार 754 हो गई है। ये आंकड़े Covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। उधर, केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी शनिवार को कोरोना के आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 9887 केस सामने आए। वहीं, 294 लोगों की मौत हुई। इस दौरान देश में संक्रमितों की संख्या 2 लाख 36 हजार 657 हो गई। एक लाख 14 हजार 073 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 6642 लोगों की जान चली गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 1 लाख 15 हजार 942 एक्टिव केस हैं। इनमें से महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु में कोरोना के 70235 सक्रिय मामले हैं, जो कि कुल सक्रिय मामलों का 60.57% है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।