राजस्थान कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने भेजा पायलट को न्यौता, कहा- हम उन्हें दूसरा मौका दे रहे हैं
(India) राजस्थान में गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रहे मनमुटाव से राज्य सरकार पर संकट पांचवें दिन भी बरकरार है। सोमवार को दिन भर सियासी ड्रामा चलता रहा। कांग्रेस ने इस मामले को निपटाने के लिए आज फिर विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें बगावत पर उतरे उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और उनके समर्थक विधायकों को भी बुलाया गया है। हालांकि, सचिन खेमे से इसमें शामिल होने की अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वही खबर सामने आई है कि प्रियंका गांधी इस बैठक में शामिल हो सकती हैं। राजस्थान कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने मंगलवार सुबह ट्वीट करके कहा- सचिन पायलट को दूसरा मौका दे रहे हैं, उनसे आज की विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए कहा। मुझे उम्मीद है कि आज सभी विधायक आएंगे और नेतृत्व को एकजुटता देंगे, जिसके लिए राजस्थान के लोगों ने मतदान किया, हम सभी राज्य के विकास के लिए काम करना चाहते हैं।
सूत्रों के मुताबिक़ पायलट गुट कांग्रेस पार्टी में बने रहने के बजाये भाजपा में शामिल होने या तीसरा मोर्चा बनाने के विकल्प की गणित बैठाने में लगा है। हालांकि पायलट के समर्थन में ‘सरकार’ से बगावत करने वाले कुछ विधायक भाजपा के साथ नाता जोड़ने से सहमत नहीं बताये जा रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की कांग्रेस पार्टी से बगावत और नाराजगी के कई कारण बताये गए हैं। लेकिन उनके साथ पार्टी का दामन छोड़ने तक को राज़ी हुए विधायकों का आक्रोश भी कम नहीं है। पायलट के समर्थन में उतरने के साथ ही ज़्यादातर विधायकों ने मुख्यमंत्री पर सीधा बयानी हमला बोला है। इनमें कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक हेमाराम चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक दीपेन्द्र सिंह शेखावत, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व विधायक मुकेश भाकर शामिल हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।