(India)
'लव जिहाद' (Love Jihad) के मुद्दे पर जिस तरह से मध्य प्रदेश समेत कई बीजेपी शासित राज्य कानून बनाने की योजना पर विचार कर रहे हैं इसको लेकर सियासत गरमाने लगी है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसको लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'लव जिहाद' बीजेपी का देश को बांटने के लिए बनाया गया एक शब्द है। गहलोत (Ashok Gehlot) ने ट्वीट में कहा कि शादी व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मामला है, इसे रोकने के लिए कानून लाना पूरी तरह असंवैधानिक है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री असलम शेख ने भी कहा कि उनकी सरकार अपना काम कुशलता से कर रही है और उसे ऐसे कानून लाने की जरूरत नहीं है। इस बीच बिहार में भी 'लव जिहाद' के खिलाफ कानून की मांग जोर पकड़ने लगी है। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने बिहार में लव जिहाद के खिलाफ कानून लागू करने का समर्थन किया है। हालांकि, इस पर जेडीयू की ओर से प्रतिक्रिया भी दी गई है। लेकिन जिस तरह से पूरा मामला सामने आया है उसको लेकर सवाल उठ रहे हैं कि 'लव जिहाद' क्या सिर्फ बीजेपी का एजेंडा है?
'लव जिहाद' को लेकर मध्य प्रदेश सरकार ने कानून बनाने का दावा किया है। इस मामले में सबसे पहले मध्य प्रदेश सरकार ने ही पहल की है। राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र ने हाल ही ऐलान किया कि जल्द ही इससे जुड़ा कानून विधानसभा में पेश किया जाएगा। ये गैर जमानती अपराध होगा और दोषियों के लिए पांच साल तक की सजा का प्रावधान होगा। इसके बाद उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार भी इसको लेकर कानून पर विचार कर रही है।
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।