अलवर के सरिस्का में जंगल में आग लगने का प्रकरण,पीएम मोदी ने सीएम गहलोत से की बात
(India)

सरिस्का टाइगर रिजर्व के जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं. आज दूसरे दिन भी वायु सेना के हेलीकॉप्टर आग बुझाने में जुटे हैं. वहीं जमीनी स्तर पर आग बुझाने में जुटे वन विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों के सहयोग के लिए आज एसडीआरएफ के भी 22 जवान सरिस्का पहुंचे. वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग पर आंशिक काबू पा लिया गया है. जल्द ही इस पर पूरी तरह से काबू पा लिया जाएगा. सरिस्का के फील्ड डाइरेक्टर आरएन मीणा ने सरिस्का डीएफओ सुदर्शन शर्मा को मामले की जांच के आदेश दिये हैं. शर्मा आग लगने के कारणों और अधिकारियों की लापरवाही की जांच कर फील्ड डाइरेक्टर को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे.दूसरी तरफ आग से उपजे हालात का जायजा लेने के लिए मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक अरिंदम तोमर भी आज सरिस्का पहुंचे. बाद में उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आग अब धीमी होने लगी है. इस समय केवल कलाकड़ी के जंगल में आग लगी हुई है. उसको काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं. अन्य जगहों पर काबू पा लिया गया है. जयपुर, दौसा और भरतपुर सहित आसपास जिलों की टीमें भी आग बुझाने के लिए अलवर पहुंची हैं. हेलीकॉप्टर से आग बुझाने के प्रयास दूसरे दिन भी जारी है. अगर हवा नहीं चली तो बुधवार शाम तक आग पर काबू पा लिया जाएगा.

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।