भाजपा नेता तेजस्वी सूर्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में राजस्थान सरकार, की थी सीएम अशोक गहलोत की औरंगजेब से तुलना
(India) भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या बुधवार को न्याय यात्रा को लेकर करौली पहुंचे थे। करौली में पत्रकारों से बात करते हुए सूर्या ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तुलना औरंगजेब से की थी। अब राजस्थान कांग्रेस तेजस्वी पर कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है। गुरुवार को सूर्या के बयान पर पलटवार करते हुए राजस्थान की कांग्रेस सरकार के राज्य मंत्री डॉ सुभाष गर्ग ने कहा कि ऐसे उलूल-जुलूल बयान देने वाले तेजस्वी सूर्या के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


यह बोले सुभाष गर्ग
राज्यमंत्री डॉ सुभाष गर्ग गुरुवार को भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम में शिरकत करने भरतपुर पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि करौली में भाजपा के नेता जा रहे हैं और वहां शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'भाजपा नेता तेजस्वी सूर्या ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को औरंगजेब की संज्ञा दे डाली, जिसकी निंदा की जाती है। ऐसे गलत बयान देने वाले तेजस्वी सूर्या के खिलाफ अब कानून अपना काम करेगा।'

सुभाष ने कहा, 'अशोक गहलोत को औरंगजेब कहने वाली भाजपा के हाथ खुद खून से रंगे हुए हैं। राज्य में भाजपा सरकार के दौरान आंदोलन कर रहे गुर्जर समुदाय के 72 लोगों को मारा गया था। वहीं हरियाणा में जाट आंदोलन के दौरान अजाटों को भाजपा सरकार ने मरवाया था। भाजपा धर्मों के आधार पर आपस में लड़ाकर सत्ता में आना चाहती है।' गर्ग ने कहा कि प्रदेश में चुनाव आ रहे हैं इसलिए भाजपा ध्रुवीकरण करने की साजिश रच रही है।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।