टूटेगा सचिन पायलट का सपना? राजस्थान के मंत्री बोले- अशोक गहलोत के चेहरे पर ही लड़ा जाएगा 2023 का चुनाव
(India) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल ने शनिवार को कहा कि अशोक गहलोत प्रदेश के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगले साल होने वाला राज्य विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्रियों और उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के संयुक्त सम्मेलन में भाग लेने दिल्ली आए धारीवाल ने यह भी कहा कि राजस्थान की जनता, कांग्रेस के विधायक और पार्टी आलाकमान यही चाहते हैं कि गहलोत मुख्यमंत्री बने रहें। गहलोत के करीबी माने जाने वाले राजस्थान के शहरी विकास, कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री धारीवाल का यह बयान उस वक्त आया है जब पिछले दिनों मीडिया के एक हिस्से में ऐसी खबरें आई थीं कि पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कांग्रेस आलाकमान से समय रहते राजस्थान सरकार में नेतृत्व परिवर्तन करने के लिए कहा है, हालांकि कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर ऐसी खबरों को मनगढ़ंत बताया था।

पायलट पर साधा निशाना
राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें संबंधी खबरों के बारे में पूछे जाने पर धारीवाल ने पायलट का नाम लिए बगैर उनपर निशाना साधते हुए कहा, 'मीडिया में छपवाते रहते हैं ताकि जिंदा रहें, बस इतनी सी बात है।' उन्होंने जोर देते हुए कहा, 'वास्तविकता तो यह है कि जनता भी चाहती है, आलाकमान भी चाहता है और सारे विधायक चाहते हैं कि अशोक गहलोत ही मुख्यमंत्री बने रहें। वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे।'

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।