राज्यसभा चुनाव: बगावती सुरों से बेचैनी, राजस्थान में ‘अपने’ बढ़ा रहे सत्ताधारी कांग्रेस की टेंशन
(India) राजस्थान में राज्यसभा चुनाव की गणित काफी दिलचस्प हो गई है। एक तरफ सत्ताधारी कांग्रेस के कुछ विधायक राज्य नेतृत्व के खिलाफ लगातार असंतोष जाहिर कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें वह सम्मान नहीं मिला है, जिसके वे हकदार हैं। वहीं दूसरी तरफ बीटीपी, सीपीएम और एक निर्दलीय विधायक ने अभी तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व भले 126 वोटों का दावा कर रहा है, लेकिन इस पर अनिश्निचतता के बादल छाए हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस अपने समर्थक विधायकों को एकजुट रखने के लिए पूरा जोर लगाए हुए है और उदयपुर में सभी को जुटाया जा रहा है।

बता दें कि तीन कांग्रेसी उम्मीदवारों को राज्यसभा तक पहुंचने के लिए कुल 123 वोटों की जरूरत है। यानी प्रत्येक उम्मीदवार को 41 वोट चाहिए होंगे। विधानसभा में फिलहाल, कांग्रेस के पास 108 विधायक हैं। वहीं भाजपा के पास 71, सीपीआई के पास 2, आरएलपी के पास 3, बीटीपी के पास 2, आरएलडी के पास 1 विधायक हैं। वहीं निर्दलीय विधायकों की संख्या 13 है। वहीं सूत्रों का दावा है कि बलजीत यादव को छोड़कर सभी निर्दलीय विधायक उदयपुर पहुंच चुके हैं। इन सभी को उसी लग्जरी होटल में ठहराया गया है, जहां हाल ही में चिंतन शिविर संपन्न हुआ था। शुक्रवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट अन्य विधायकों और निर्दलीय रमीला खड़िया के साथ उदयपुर पहुंचे। यहां पर फिलहाल कुल 90 विधायक पहुंच चुके हैं।

Digital Desk: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।