दिल्ली में खराब मौसम के कारण तीन उड़ानें डायवर्ट,100 से अधिक विलंबित
(DELHI, DELHI) दिल्ली में सुबह आंधी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर परिचालन बाधित रहा। इसके कारण तीन उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया और 100 से अधिक उड़ानें विलंबित रहीं। एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने वाली दो उड़ानों को जयपुर और एक को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के आंकड़ों के अनुसार, सौ से अधिक उड़ानों में देरी हुई।
एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने कहा कि खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुईं।

इसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सुबह 5.20 बजे लिखा, "यात्रियों के लिए निर्बाध सेवा सुनिश्चित करने के लिए हमारी टीमें सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रही हैं।" विमानन कंपनी 'एयर इंडिया' ने भी कहा कि प्रतिकूल मौसम के कारण उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में उड़ान परिचालन प्रभावित हुआ है।

कंपनी ने 'एक्स' पर सुबह 5:51 बजे लिखा, "दिल्ली आने-जाने वाली हमारी कुछ उड़ानें विलंबित हो गई हैं या उनका मार्ग परिवर्तित किया जा रहा है, जिससे अन्य उड़ानों के परिचालन समय में भी बदलाव हो सकता है। हम यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं कि लोगों को कम से कम असुविधा हो।" इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे बड़ा और व्यस्ततम हवाई अड्डा है, जहां से प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानें संचालित होती हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।