सीएम योगी बुधवार को गोरखपुर में 3.08 करोड़ के कल्याण मंडपम का करेंगे लोकार्पण
(Gorakhpur, Gorakhpur) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 सितंबर को गोरखपुर में विधायक निधि से गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा निर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। वार्ड नंबर 54 उर्वरक नगर के जंगल नकहा नंबर-2 में करीब 3.08 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह कल्याण मंडपम अल्प और मध्यम आय वर्ग के लोगों के पारिवारिक एवं मांगलिक आयोजनों के लिए मैरिज हाउस का रियायती विकल्प उपलब्ध कराएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ईज ऑफ लिविंग विजन के अनुरूप गोरखपुर में वार्ड स्तर पर सर्वसुविधायुक्त कल्याण मंडपम की श्रृंखला विकसित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने जीडीए और नगर निगम को निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए मांगलिक आयोजनों की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे मंडपम विकसित करने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री की विधायक निधि से इसके लिए धनराशि की व्यवस्था भी कराई गई।

गोरखपुर में अब तक सात कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। जंगल नकहा नंबर-2 में बनने वाला यह आठवां कल्याण मंडपम है। जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, 2461 वर्गमीटर भूमि पर निर्मित यह दो मंजिला भवन आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित है। इसमें करीब 300 लोगों की क्षमता के साथ विभिन्न पारिवारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन किए जा सकेंगे।

कल्याण मंडपम में बड़े हॉल के अलावा किचन, स्टोर, ऑफिस और चेंज रूम की सुविधा उपलब्ध है। दोनों मंजिलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। परिसर में वाहनों के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स से पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही फव्वारे के साथ लॉन भी विकसित किया गया है।

इस सुविधा से विवाह समारोह, सामाजिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक उत्सवों के लिए स्थानीय लोगों को सहूलियत मिलेगी। जीडीए के दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी जारी है। इनमें वार्ड नंबर 7 महादेव झारखंडी और वार्ड नंबर 2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में निर्माणाधीन मंडपम शामिल हैं। दोनों परियोजनाओं पर करीब ढाई-ढाई करोड़ रुपये खर्च होने हैं।

गोरखपुर में अब तक खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर दौरे के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गोरखपुर के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। यह ब्लड सेंटर आईएमए के तारामंडल क्षेत्र स्थित भवन में स्थापित किया गया है।


DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।