दिल्ली जल बोर्ड के 800 कर्मचारियों पर तबादले की गाज
(India)
केजरीवाल ने तो लोगों को प्रतिमाह 20 हजार लीटर पानी मुफ्त देने का वादा पूरा किया लेकिन दिल्ली जल बोर्ड में व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते इस फैसले को जमीनी हकीकत में तब्दील करना केजरीवाल सरकार के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है. केजरीवाल सरकार ने स्कूल जाने की उम्र में पाइप के चक्रवात में फंसे बच्चों को निकालने की क्या ठानी दिल्ली जल बोर्ड में जैसे सुनामी आ गई. केजरीवाल ने एक झटके में 800 कर्मचारियों के तबादले कर दिए जबकि तीन को सस्पेंड कर दिया. ट्रांस्फर किए गए ज्यादातर कर्मचारियों में फिलिंग स्टेशन के वो ड्राइवर और बेलदार है जो जल बोर्ड के टैंकर संगम विहार, देवली, अंबेडकर नगर जैसी गलियों में पहुंचाने का रास्ता भूल चुके थे. केजरीवाल सरकार की नजर में ड्राइवर और बेलदार ही पानी माफिया के साथ मिलकर दिल्ली के जरूरतमंदों का पानी गटक रहे थे. लिहाजा तीन साल से ज्यादा एक जगह पर काम कर चुके कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया.ड्राइवर भी मानते हैं कि दिल्ली जल बोर्ड में गड़बड़ियां हैं लेकिन उनका सवाल है कि दिल्ली जल बोर्ड के पानी से बड़ी मछलियों को बाहर क्यों नहीं निकाला जा रहा.

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।