राजस्थान में विधानसभा उपचुनाव के लिए अधिसूचना हुई जारी,
(Amber, Jaipur) राजस्थान में चार सीटों पर हो रहे विधानसभा उपचुनाव के लिए आज अधिसूचना जारी कर दी गई। इसके बाद अब 27 अगस्त तक नामांकन का दौर चलेगा। निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। वहीं निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई। भाजपा, कांग्रेस और बाकी दलों ने तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है और एक दो दिनों में प्रत्याशियों की भी घोषणा कर दी जाएगी। प्रदेश में उपचुनाव को लेकर कांगे्रस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने चारों सीटें जीतने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव को लेकर पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के बाद पार्टी में सभी की सहमति से आमराय कर प्रत्याशियोें का चयन किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों का चयन कर रिपोर्ट दिल्ली आलाकमान को सौंपी जाएगी। नसीराबाद से चुनाव लड़ने की अटकलों पर पायलट ने कहा कि आलाकमान ने मुझे प्रदेशाध्यक्ष बनाकर भेजा है। ऐसे में वे इस जिम्मेदारी को ही निभाएंगे। विधानसभा चुनाव लड़ाने की जिम्मेदारी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की है। गुर्जर आरक्षण मामले पर सचिन पायलट ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समझौता भाजपा की सरकार ने किया था। कांगे्रस पार्टी के शासनकाल में हमने वादा निभाते हुए कानून को लागू किया। लेकिन भाजपा ये मामला उलझाने में लगी है। इसके लिए पूरी तरह भाजपा जिम्मेदार है। प्रदेश के छात्रसंघ चुनावों में नामाकंन प्रक्रिया के दिन हुई हिंसा के लिए भी पायलट ने भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार को शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने की तैयारी करनी चाहिए। ऐसे में सरकार की अनदेखी के चलते प्रदेश में हिंसा की घटनाएं हुई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।