लालू प्रसाद के परिवार में नंबर-1 की जंग!
(BIHAR, India) आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद इन दिनों अपनी छोटी बेटी राजलक्ष्मी की शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं. राजलक्ष्मी की शादी एसपी प्रमुख मुलायम सिंह यादव के भतीजे से होनी है. लेकिन यूपी में रिश्तों से आगे बढ़कर सियासत की इस बंधती डोर के बीच असली सवाल बिहार का है, क्योंकि यहां 'लालू परिवार' के भविष्य और इस बाबत एक चेहरे की तलाश जारी है.बिहार की सियासी पारी में जेडीयू और आरजेडी एक होकर जनता परिवार बनाने की कवायद में हैं, लेकिन असल सवाल उस चेहरे को लेकर है जो इस रेस में आरजेडी का प्रतिनिधि‍त्व करेगा या करेगी. 'द इंडियन एक्सप्रेस' की खबर के मुताबिक, असल समस्या यह है कि लालू प्रसाद खुद चारा घोटाला मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद चुनाव नहीं लड़ सकते. ऐसे में यह तय करना मुश्कि‍ल हो रहा है कि जनता परिवार और आगामी विधानसभा चुनाव में आरजेडी का चेहरा कौन होगा.परिवार से ऊपर सियासत की इस रेस में सबसे पहला नाम लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती का है. 38 साल की मीसा लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं और हार भी चुकी हैं. लालू के बड़े सुपुत्र तेज प्रताप (27) और छोटे बेटे तेजस्वी प्रसाद (25) भी इस रेस में हैं. लेकिन अब तक तेज प्रताप पारिवारिक व्यस्ताओं से ही जुड़े और जुटे नजर आए हैं. जबकि तेजस्वी मोटरसाइकिल शोरूम का संचालन करते हैं. बताया जाता है कि राबड़ी देवी खुद तेज प्रताप को इस रेस में आगे बढ़ाना चाहती हैं, लेकिन मीसा भारती अपने भाई को कड़ी टक्कर दे रही हैं.सूत्रों की मानें तो राबड़ी खुद राज्यसभा के भरोसे सदन की राह तय करना चाहती हैं. लोकसभा चुनाव में वह सारण सीट से हार का स्वाद चख चुकी हैं. एक आरजेडी नेता ने कहा, 'अभी तक लालू प्रसाद की किसी संतान ने खुलकर कुछ नहीं कहा है, लेकिन कभी अपनी बहन और छोटे भाई के लिए पार्टी में जगह बनाने वाले तेज प्रताप अब खुद आगे आ रहे हैं. वह पब्लि‍क मीटिंग में पिता का साथ देते हैं और अतिथि‍यों से मुलाकात भी करते हैं.'


Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।