बिहार में सरकार गठन का दावा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शाम सात बजे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने अपने समर्थक 130 विधायकों का राष्ट्रपति के समक्ष परेड कराने का दावा किया है। इससे पहले मंगलवार देर शाम विधायकों के साथ नीतीश कुमार दिल्ली पहुंचे। इधर, बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने इस्तीफा देने व बर्खास्त किए जाने के बाद खाली 22 मंत्रियों के पदों का प्रभार अपने गुट के आठ मंत्रियों को सौंप दिया है। हालांकि अगले कदम को लेकर मांझी व उनके मंत्री चुप्पी साधे हुए हैं। नीतीश ने कहा कि सरकार गठन में देरी पर वह मुख्य विपक्ष में बैठेंगे।सोमवार को राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी से मुलाकात कर नीतीश कुमार ने अपने समर्थन में 130 विधायक होने का दावा किया था और राज्यपाल से सरकार बनाने का आमंत्रण मांगा था। लेकिन मांझी के भी ताल ठोंकने से राज्यपाल फैसले पर थोड़ा समय ले रहे हैं।इस बीच, नीतीश कुमार जदयू, राजद, कांग्रेस, वाम व एक निर्दलीय विधायक को लेकर दिल्ली पहुंचे। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात का समय मांगा था, जिसे स्वीकार करते हुए बुधवार शाम सात बजे का वक्त दिया गया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि सभी विधायकों के साथ हम लोग बुधवार को राष्ट्रपति से मिलेंगे।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।