दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के हाथों मिली करारी हार के बाद महाराष्ट्र में अपने सहयोगी दल शिव सेना का तंज झेलने वाली भारतीय जनता पार्टी पर अब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने ताना कसा है। राजनैतिक कार्टून भी बनाने वाले राज ने भाजपा पर कार्टून के जरिए ही निशाना साधा है। राज ठाकरे ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्लड ट्रेड सेंटर के रूप में दिखाया है जिनपर विमान रूपी अरविंद केजरीवाल द्वारा हमला करते हुए दिखाया गया है। कार्टून में अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को भी दिखाया गया है जो इस हमले को टीवी पर देख रहे हैं। कार्टून में राज ने अखबारों में चली उन खबरों का भी हवाला दिया है जिनमें कहा गया है कि दिल्ली के चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी ने ओबामा का इस्तेमाल किया। गौरतलब है कि मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आप के पक्ष में आने के बाद शिव सेना ने अगले दिन बुधवार को अपने सहयोगी दल भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा थाा कि महाराष्ट्र के लोगों को दिल्ली के नतीजों से सबक लेना चाहिए।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।