पूरी कांग्रेस पार्टी मनमोहन सिंह के साथ : सोनिया
(India)

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के समर्थन में एकजुटता दर्शाते हुए पार्टी के मार्च का नेतृत्व किया और कहा कि वह एक ईमानदार व्यक्ति हैं और उन्हें पार्टी का पूरा समर्थन प्राप्त है। इधर, भाजपा ने कहा कि मनमोहन सिंह को विशेष अदालत ने जिस कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में सम्मन भेजा है, उसमें सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरी पार्टी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। सोनिया ने लोकसभा और राज्यसभा तथा कांग्रेस कार्य समिति के सदस्यों के साथ पार्टी मुख्यालय से मनमोहन के आवास तक मार्च निकाला। मार्च के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में सोनिया ने कहा, हम पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को सम्मन जारी करने को लेकर यहां एकजुट हुए हैं.. वह न केवल हमारे देश में, बल्कि विदेशों में भी अपनी शुचिता व ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं। हम यहां मनमोहन जी के प्रति अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए हैं। दिल्ली की एक विशेष अदालत ने बुधवार को मनमोहन, उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला और पूर्व केंद्रीय कोयला सचिव पी.सी. पारेख को कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में सम्मन जारी किया था। अदालत ने इसे गैर-कानूनी कार्य को अंजाम देने के लिए आपराधिक षड्यंत्र करार दिया था।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।