जेटली को डीडीसीए में घोटाले की जानकारी थी-आप
(India)
डीडीसीए मामले में अरूण जेटली के खिलाफ आम आदमी पार्टी के खुलासे का दौर बुधवार को भी जारी रहा। आप ने दावा किया कि जेटली को डीडीसीए में घोटाले की जानकारी थी। आप के प्रवक्ता आशुतोष ने आरोप लगाया कि जेटली ने धोखाधड़ी केस को बंद करने के लिए दिल्ली के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर को एक चिट्ठी लिखी थी। आशुतोष ने उस चिट्ठी को लेकर जेटली से पांच सवाल किए। साथ ही उन्होंने जेटली से केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की। आशुतोष ने प्रेस कांफ्रेंस में जेटली की लिखी चिट्ठी भी पेश की। यह चिट्ठी 27 अक्टूबर 2011 की है, जो अन्ना आंदोलन के समय लिखी गई थी। उन्होंने कहा कि 5 मई 2012 को जेटली ने दूसरी चिट्ठी लिखी थी। उसमें भी केस बंद करने के लिए पुलिस कमिश्नर से कहा गया था। जेटली ने लिखा था कि डीडीसीए में कोई गलत काम नहीं करता है इसलिए केस बंद करें। आशुतोष ने कहा कि इससे साबित होता है कि जेटली ने अपने पद का दुरूपयोग किया। साथ ही जांच को प्रभावित करने का प्रयास भी किया। ऐसे में उनको मंत्री पद पर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेटली घोटाले की जांच का स्वागत क्यों नहीं कर रहे हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।